उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पहले एक कार से टकरा गई और इसके बाद सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि बस में सवार कई यात्री घायल हो गए।
हादसा बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के 230.800 माइल स्टोन के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस तेज गति से जा रही थी, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस कार से टकराई और सड़क से नीचे उतरकर खाई में पलट गई।
पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले सभी पांच लोग कार में सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त कार को हटाकर शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
कार से टक्कर के बाद बस खाई में पलट गई, जिससे उसमें सवार कई यात्रियों को चोटें आईं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पांच से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि घायलों की संख्या और उनकी स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
(यह एक ब्रेकिंग न्यूज़ है। पुलिस और प्रशासन की ओर से जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, खबर को अपडेट किया जाएगा।)
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें