Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। उन्होंने मतदाता सूची और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े किये। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावी लाभ लेने और समाज में डर का माहौल तैयार करने के लिए मुख्यमंत्री ने 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने का बयान दिया है। उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा कि आखिर मुख्यमंत्री के पास यह आंकड़ा कहां से आया? क्या चुनाव आयोग गोपनीय तरीके से यह जानकारी उपलब्ध करा रहा है?
अखिलेश यादव ने सपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मतदाता सूची से जुड़े आंकड़ों को लेकर सरकार और चुनाव आयोग के बीच पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष को ऐसी जानकारियां उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने वोट की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से सतर्क रहें। साथ ही मतदाता सूची में अपना नाम की जांच जरूर कर लें।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आगे कहा कि चुनाव से पहले मतदाताओं के स्थानांतरण और दूसरे राज्यों से लोगों के नाम जुड़वाने की कोशिश भी हो सकती है। उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि मतदान केंद्रों के अंदर और बाहर अलग-अलग मतदाता सूची होने जैसी गड़बड़ियां भी हो सकती हैं। साथ ही अखिलेश यादव ने यह दावा करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने लगभग 25 लाख डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान की है। इनका विवरण जल्द ही चुनाव आयोग को सौंपा जाएगा। सपा अध्यक्ष ने यह उम्मीद जताई कि आयोग मतदाता सूची से जुड़ी गड़बड़ियों और शिकायतों पर कार्रवाई जरूर करेगा।
साथ ही उन्होंने मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव गृह और डीजीपी को भी हटाने की मांग उठाई। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने ओवैसी-चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा पर तंज कसा और कहा कि राजनीति में कई लोग आते-जाते रहते हैं, लेकिन उन्हें राजनीति में सक्रिय रहना चाहिए। वाराणसी के मिल्क प्लांट का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इसे काऊ मिल्क प्लांट बनाया जाएगा।
यही नहीं सपा अध्यक्ष ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी मुख्यमंत्री पर करारा निशाना साधा। उल्लेखनीय है कि राजधानी लखनऊ में आयोजित भाजपा कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदाता सूची को लेकर चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने यह कहा था कि एसआईआर से पहले मतदाता सूची के विश्लेषण में लगभग 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने की जानकारी सामने आई है। साथ ही मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने और मतदाता सूची में सुधार के लिए अभियान चलाने की भी अपील की थी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें