UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब माफिया राज की जगह कानून का राज स्थापित हो चुका है। बेहतर कानून व्यवस्था और निवेश के अनुकूल माहौल के कारण देश-विदेश की कंपनियां प्रदेश में निवेश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बुलडोजर अब उत्तर प्रदेश का ब्रांड बन चुका है। यहां बनने वाले बुलडोजर और ट्रैक्टर की मांग देश-विदेश में अपने आप बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री गुरुवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में CNH Industrial के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। इस प्लांट की स्थापना पर 1200 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जाएंगे। करीब 100 एकड़ जमीन पर बनने वाली इस फैक्ट्री से हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की उम्मीद है।
सीएम ने कहा कि जेवर की तस्वीर तेजी से बदल रही है। कभी अपराध के लिए पहचाने जाने वाले इस क्षेत्र में आज बड़े-बड़े उद्योग स्थापित हो रहे हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यीडा क्षेत्र के विकास से जेवर आने वाले समय में औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में उभरेगा। साथ ही उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में HCL-Foxconn का सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, ToyPark, MSME Park और डाटा सेंटर जैसी जरुरी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इससे क्षेत्र में रोजगार और व्यापार के नए अवसर पैदा होंगे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि साल 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अपराध, पलायन और अव्यवस्था बड़ी समस्याएं थीं। लेकिन अब प्रदेश की स्थिति बदल चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने विकास के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश की टॉप तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। प्रदेश ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और डीरेग्युलेशन के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है।
प्रदेश में 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
सीएम ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से करीब 15 लाख करोड़ रुपये का निवेश जमीन पर उतर चुका है। वहीं, 7.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की जल्द ग्राउंड ब्रेकिंग होने वाली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। MSME इकाइयों की संख्या भी एक करोड़ तक पहुंच गई है। वहीं, स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है।
किसानों और युवाओं को मिलेगा फायदा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएनएच इंडस्ट्रियल का नया प्लांट प्रदेश में कृषि मशीनों के निर्माण को बढ़ावा देगा। इससे किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों का लाभ मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। भारत के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 18.5 प्रतिशत है। उन्होंने कंपनी प्रबंधन को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए हर संभव मदद और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
युवाओं को उद्योगों के हिसाब से मिलेगा प्रशिक्षण
योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण देकर रोजगार के लिए तैयार कर रही है। टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इंफोसिस और एचसीएल जैसी कंपनियों के सहयोग से युवाओं को नई तकनीक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर रोजगार मिल सके। कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह और तेजपाल सिंह नागर,MLC श्रीचंद शर्मा, यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह,CNH की चेयरपर्सन लेडी सुजैन हेवुड और CEO गैरीट मार्क्स सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें