UP Politics: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। राज्य की सियासत में एक नए गठबंधन की एंट्री हो गयी है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने यूपी विधानसभा चुनाव से हाथ मिला लिया है। दोनों नेताओं ने गुरूवार को संयुक्त प्रेसवार्ता के दौरान ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाने का ऐलान कर दिया है। दोनों नेताओं ने इस गठबंधन को भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ मजबूत राजनीतिक विकल्प बताया है।
गठबंधन के ऐलान करने के दौरान आजाद समाज पार्टी प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह तीसरा मोर्चा नहीं है, बल्कि यह पहला मजबूत मोर्चा होगा। उन्होंने आगे कहा कि बड़े राजनीतिक गठबंधन में शामिल होने का प्रयासय किया गया था, लेकिन उन्हें कमजोर समझा गया। अब अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपनी ताकत के दम पर राजनीति की जाएगी।
सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि अब किसी के सामने हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अब स्वयं को मजबूत बनाया जाएगा। उनका उद्देश्य शोषित और वंचित समाज के लोगों की आवाज उठाना है। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए हाथरस कांड, प्रयागराज, गोरखपुर, कासगंज और संतकबीरनगर की घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में आम लोगों की सुरक्षा गंभीर सवाल हैं।
वहीं, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी गठबंधन का ऐलान करते हुए चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को रोकने के लिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा मजबूत विकल्प बनेगा। ओवैसी ने कहा कि अब तक वंचित और पिछड़े समाज के लोगों को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया गया। इस गठबंधन का प्रयास होगा समाज के हर वर्ग के शोषित और वंचित लोगों को राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व में उचित स्थान दिलाया जाए। असदुद्दीन ओवैसी ने ऐलान करते हुए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारेगा।
इंडिया की बढ़ेंगी मुश्किलें?
एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा आने वाले दिनों में यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव में एनडीए और इंडिया गठबंधन के लिए थोड़ी मुश्किलें तो जरूर खड़ी करेंगे। एआईएमआईएम की नजर मुस्लिम बहुल क्षेत्रों पर होगा। असदउद्दीन ओवैसी ने अपनी इसी रणनीति के तहत यूपी के दौरे भी तेज कर दिये है। उन्होंने बहराइच की मटेरा, श्रावस्ती की भिनगा, कैराना से उम्मीदवार भी घोषित कर दिए।
ओवैसी की पिछली जनसभाओं में सपा ही निशाने पर रही। ऐसे में अगर यह तीसरा मोर्चा दलित व मुस्लिम वोटों को अपनी तरफ खड़ा करने में सफल हुआ तो इंडिया गठबंधन की दिक्कतें बढ़ सकती है। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में एआईएमआईएम ने 95 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे थे। पार्टी को औसत 0.49 प्रतिशत वोट मिले थे। वहीं आजाद समाज पार्टी ने 110 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की थी और 0.13 प्रतिशत वोट हासिल किया था।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें