Arvind Kejriwal: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया है । आरोपी ने दोनों को जान से ना मारने के बदले में 7 करोड़ रुपये की मांग की है। इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब दिल्ली के तिलक नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह को धमकी भरे फोन कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज मिले। आरोपी ने उनसे कहा कि यह संदेश अरविंद केजरीवाल तक पहुंचा दिया जाए। इसके बाद विधायक ने 6 नवंबर को मोहाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
फोन और व्हाट्सऐप पर मिली धमकी
विधायक जरनैल सिंह ने मोहाली के एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया था। इसके बाद उसी नंबर से व्हाट्सऐप पर भी धमकी भरे मैसेज भेजे गए। आरोपी के व्हाट्सऐप प्रोफाइल पर H नाम दिखाई दे रहा था।
फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल को 7 करोड़ रुपये देने के लिए कह दो, वरना उन्हें और उनकी बेटी को जान से मार दिया जाएगा और मैसेज में भी यही धमकी दोहराई गई।
शिकायत मिलने के बाद मोहाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर और उसकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी है। जांच की जिम्मेदारी साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है। आरोपी के हरियाणा के रोहतक का रहने वाला होने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
केजरीवाल और परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस से आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल, आईपी लॉग और लोकेशन की जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की भी अपील की है।
पहले भी मिली चुकी जान से मारने कि धमकी धमकी
अरविंद केजरीवाल को इससे पहले मई 2024 में भी जान से मारने की धमकी मिली थी। उस समय मेट्रो ट्रेन के कोच के अंदर धमकी भरे संदेश लिखे गए थे। अब एक बार फिर केजरीवाल और उनकी बेटी को मिली धमकी के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें