UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने नये गठबंधन का ऐलान कर सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने नये गठबंधन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की घोषणा कर दी है। नए गठबंधन के सामने दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक मंच पर लाने की बड़ी चुनौती होगी। वहीं यह गठबंधन यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के लिए मुश्किलें भी खड़ी कर सकता है।
उत्तर प्रदेश की सियासत में मुस्लिम मतदाताओं के बीच समाजवादी पार्टी का काफी लंबे अरसे से प्रभाव रहा है, जबकि बहुजन समाज पार्टी की दलित राजनीति में पकड़ रही है। ऐसे में चुनाव से पहले ओवैसी और चंद्रशेखर का हाथ मिलाना इन दोनों ही दलों के लिए सियासी चुनौती खड़ी कर सकती है। एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी मुस्लिम समुदाय को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की बात करते रहे हैं। वहीं सांसद चंद्रशेखर आजाद दलितों और वंचितों के अधिकारों को प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बताते हैं। दोनों नेताओं की इसी सोच को गठबंधन की बुनियाद माना जा रहा है।
साल 2022 के विधानसभा चुनाव में एआईएमआईएम ने 95 सीटों पर प्रत्याशी मैदान में उतारे थे और उसे लगभग 0.49 प्रतिशत वोट मिले थे। हालांकि एआईएमआईएम का कोई उम्मीदवार चुनाव में जीत दर्ज नहीं कर सका था। वहीं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने भी 110 सीटों पर चुनाव की ताल ठोकीं थी। उसे लगभग 0.13 फीसदी मत हासिल हुए थे। दोनों दलों का संयुक्त वोट प्रतिशत एक फीसदी से भी कम रहा था। सियासी समीकरणों के लिहाज से पश्चिमी यूपी और मुस्लिम-दलित आबादी वाली सीटों पर असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के इस गठबंधन की नजर रहेगी।
पिछले चुनाव में कुंदरकी सीट पर एआईएमआईएम उम्मीदवार मोहम्मद वारिस को 14,251 वोट मिले थे, जबकि समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को 1,25,792 वोट मिले थे। संभल में एआईएमआईएम प्रत्याशी मोहम्मद मुशीर खान को 21,470 वोट मिले थे। ऐसे क्षेत्रों में कम अंतर से होने वाली हार-जीत के संदर्भ में छोटे दलों का प्रदर्शन भी चुनावी चर्चा का विषय बनता है। समाजवादी पार्टी पहले भी यह आरोप लगाती रही है कि एआईएमआईएम के चुनाव लड़ने से मुस्लिम वोटों का बंटवारा हो सकता है, जिसका लाभ बीजेपी को मिल सकता है।
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इस तर्क से सिरे से खारिज कर दिया था। उनका स्पष्ट कहना है कि मुस्लिम समुदाय को केवल वोट बैंक के तौर पर देखने की जगह उसे भी सियासी प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। वहीं इस गठबंधन में चंद्रशेखर आजाद के साथ आने से दलित राजनीति का मुद्दा भी जुड़ गया है। सपा और बसपा के पारंपरिक सामाजिक आधार पर इसके असर पड़ने को लेकर चर्चाएं होने लगी हैं। 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में सामाजिक परिवर्तन मोर्चे की भूमिका काफी अहम होगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें