UP News: प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में आयोजित होने वाले गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि देश-विदेश से काशी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली काशी की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का गौरवशाली पर्व है। इसका आयोजन इस तरह किया जाए कि यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को यादगार अनुभव मिले।
अधिकारियों ने बैठक में बताया कि इस वर्ष गंगा महोत्सव का आयोजन 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर किया जाएगा। चारों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री ने स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। 24 नवंबर को देव दीपावली के अवसर पर गंगा के सभी पक्के घाटों, रेतीले तटों और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे। इसमें महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार किए गए दीपक भी शामिल होंगे। सीएम योगी ने निर्देश दिया कि दीपोत्सव का आयोजन केवल घाटों तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे काशी शहर में उत्सव का माहौल दिखाई देना चाहिए। सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव और शूलटंकेश्वर मंदिर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेष आयोजन होंगे।
देव दीपावली की शाम दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध गंगा महाआरती आयोजित होगी। इसके बाद चेत सिंह घाट पर भव्य प्रोजेक्शन और लेजर शो का आयोजन किया जाएगा। दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो होगा, जबकि काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा। लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पूरे घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा के लिए 27 वॉच टावर, क्यूआरटी, ड्रोन कैमरे और निजी गोताखोर तैनात रहेंगे। 21 प्रमुख घाटों पर एंटी-रोमियो स्क्वॉड की भी तैनाती होगी। श्रद्धालुओं की मदद के लिए 11 खोया-पाया केंद्र बनाए जाएंगे।
नमो घाट से अस्सी घाट के बीच फ्लोटिंग वॉटर जेट्टी लगाकर नावों के लिए टू-वे लेन बनाई गई है। डीजल चालित और बाहरी जनपदों की नावों के संचालन पर रोक रहेगी। एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वॉटर एम्बुलेंस लगातार निगरानी करेंगी। शहर में जाम से बचने के लिए सात प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट और 31 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। आपातकालीन चिकित्सा के लिए प्रमुख अस्पतालों को जोड़कर ग्रीन कॉरिडोर भी तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। दीपदान समाप्त होते ही घाटों की सफाई कराई जाए, ताकि अगले दिन स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। साथ ही होटल, टैक्सी और रेस्टोरेंट संचालकों को पर्यटकों से उचित शुल्क लेने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि काशी की संस्कृति, आतिथ्य और प्रशासनिक व्यवस्था का भी प्रतीक है। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक काशी से सुखद यादें लेकर लौटें।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें