Chhath Puja 2026: चार दिवसीय महापर्व छठ की शुरुआत आज नहाय-खाय के पावन अनुष्ठान के साथ हो गई है। इस दिन व्रती कद्दू और लौकी की सब्जी व अरवा चावल (कद्दू-भात) का सेवन करते हैं। इस परंपरा के चलते बाजारों में इनकी मांग अचानक आसमान छूने लगी है। भारी खपत के कारण पूर्वी दिल्ली की प्रमुख मंडियों से लेकर खुदरा बाजारों तक लौकी और कद्दू के दाम सामान्य दिनों के मुकाबले दोगुने हो गए हैं।
नहाय-खाय पर हर व्रती परिवार में कद्दू-भात का प्रसाद बनना अनिवार्य माना जाता है। एक ही दिन में लाखों घरों में भारी खपत होने के कारण सब्जियों के भाव में काफी उछाल आया है। सामान्य दिनों में 20 रुपये से 35 रुपये प्रति किलो बिकने वाली लौकी और कद्दू अब खुदरा बाजारों में 60 रुपये से 80 रुपये प्रति किलो तक बिक रहे हैं। बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए व्यापारियों को दूसरे राज्यों से भी अतिरिक्त खेप मंगवानी पड़ रही है। इसके अलावा सूप, दौरा, नारियल और मौसमी फलों की कीमतों में भी 10 से 20 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कद्दू और लौकी को अत्यंत शुद्ध और सात्विक माना गया है। नहाय-खाय के दिन व्रती बिना लहसुन-प्याज के देसी घी और सेंधा नमक में बनी इसकी सब्जी खाकर तन और मन की शुद्धि के साथ व्रत का संकल्प लेते हैं। नहाय-खाय के बाद व्रतियों को 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास रखना होता है। लौकी में लगभग 90 से 95 प्रतिशत तक पानी होता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखकर डिहाइड्रेशन से बचाता है। वहीं, पीले कद्दू में विटामिन ए, सी, फाइबर और प्राकृतिक कार्बोहाइड्रेट भरपूर मात्रा में होते हैं, जो पाचन तंत्र को हल्का रखने के साथ-साथ लंबे उपवास के लिए शरीर को जरूरी ऊर्जा प्रदान करते हैं। यही कारण है कि प्रकृति की इस मौसमी उपज को छठ महापर्व में विशेष स्थान दिया गया है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें