UP News: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर बड़ा संगठनात्मक अभियान शुरू करने की रणनीति तैयार की है। पार्टी राज्य में छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के साथ ही नए मतदाता बनाने पर भी विशेष ध्यान देगी। इसके लिए बीजेपी 17 नवंबर से लेकर 16 दिसंबर तक एक माह का ‘मतदाता जोड़ो अभियान 2026‘ चलाएगी। भाजपा ने राज्य के सभी एक लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों के जरिए से लगीाग 86 लाख 86 हजार 500 नए मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य तैयार किया है।
राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुक्रवार को अभियान की रणनीति तैयार करने के लिए प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। बैठक में सभी जिलाध्यक्षों और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को अभियान को संचालित करने के निर्देश दिए गए।
कार्यशाला के दौरान पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि बूथ स्तर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का काम पहुंचाया जाएगा, ताकि किसी भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह सके। दरअसल प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में पंचायत और विधानसभा मतदाता सूचियों के बीच अंतर का मुद्दा उठाया था। उन्होंने दावा करते हुए कहा था कि लगभग एक करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम पंचायत की मतदाता सूची में दर्ज हैं, लेकिन विधानसभा की वोटर लिस्ट से गायब है। साथ ही भाजपा ने सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के नाम मतदाता सूची में न होने का मुद्दा भी उठाया था।
भाजपा पंचायत मतदाता सूची, राशन कार्ड धारकों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सूची के आधार पर ऐसे पात्र लोगों की भी पहचान करेगी, जिनका नाम विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। भाजपा के वोटर जोड़ों अभियान में पहली बार वोट डालने वाले युवाओं और शादी के बाद दूसरे जगह पर रहने लगी महिलाओं को भी शामिल किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य मकसद अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ना है। उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक उत्तर प्रदेश की समस्त विधानसभा क्षेत्रों की ड्राफ्ट मतदाता सूची 17 नवंबर को प्रकाशित होना प्रस्तावित है। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के साथ मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया चलेगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें