UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने अयोध्या दौरे के दौरान बड़ा बयान दिया। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। जिस तरह साल 2024 के लोकसभा चुनाव में भगवान श्रीराम ने सपा को जीत दिलाई थी। उसी तरह से साल 2027 में भी सपा को जीत मिलेगी। शिवपाल सिंह यादव ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर चल रहे सस्पेंस पर विराम लगाते हुए कहा कि रामलला ने अखिलेश यादव को बुलाया है। 12 दिसंबर को अखिलेश अयोध्या पहुंच रामलला के दर्शन करेंगे।
अयोध्या दौरे के दौरान शिवपाल सिंह यादव ने हलकारा का पुरवा में आयोजित दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद सपा पार्षद लुल्लुर यादव के आवास पर पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। शिवपाल यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अयोध्या से सपा उम्मीदवार अवधेश प्रसाद को भगवान श्रीराम ने ही जीत दिलाई है। आगामी यूपी विधानसभा चुनाव में भी जनता समाजवादी पार्टी को ही समर्थन देगी।
श्री यादव ने आगे कहा कि राज्य में सपा-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने पर अयोध्या के भूमि घोटाले, नजूल जमीन और सरयू नदी के स्वरूप से जुड़े मामलों की जांच कराई जाएगी। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मुद्दा उठाते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि इससे बड़ा कोई अपराध हो ही नहीं सकता है। सपा की सरकार बनी तो इन मामलों की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यूपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर शिवपाल यादव ने कहा कि इस संबंध में बातचीत और विचार-विमर्श जारी है।
उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी सभी को साथ लेकर चलेगी। पार्टी का मुख्य लक्ष्य भाजपा को सत्ता से हटाना और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना है। श्री यादव ने भाजपा पर झूठ बोलकर देश को पीछे ले जाने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन से समाजवादी पार्टी पर चुनाव के दौरान कोई असर नहीं पड़ेगा। आजम खान को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में शिवपाल ने कहा कि पार्टी में उनका सम्मान है और उन्हें उनके सम्मान के अनुरूप ही जिम्मेदारी दी जाएगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें