UP News: उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार के साथ स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से नई पहल शुरू की गई है। नवरात्रि के पावर अवसर पर उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स लिमिटेड (यूपीकॉन) ने राज्य के विभिन्न यूथ अड्डा केंद्रों पर ‘उद्यमी बडी’ मैस्कॉट का शुभारंभ किया। इस पहल का मुख्य मकसद युवाओं, विशेषकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और व्यावसायिक विचारों को सफल उद्यम में बदलने के लिए प्रोत्साहित करना है।
लखनऊ, आजमगढ़, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, गोंडा, गोरखपुर और वाराणसी समेत कई जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया। इनमें व्यवसाय शुरू करने की इच्छुक युवतियों के साथ पहले से खुद का उद्यम चला रहीं महिला उद्यमी भी शामिल हुईं। इस अवसर पर ‘मेरा सपना, मेरी शक्ति’ गतिविधि आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपने भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी शेयर की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं की रुचि और उनकी क्षमताओं को पहचान उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कार्यक्रम के दौरान पुरस्कृत भी किया गया। ‘उद्यमी बडी’ को युवा लड़की के रूप में तैयार किया गया है, जो नई पीढ़ी की रचनात्मकता और उद्यमशील सोच का प्रतीक है। कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और एमएसएमई विभाग की विभिन्न ऋण एवं सहायता योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
युवाओं को योजनाओं के जरिए व्यावसायिक सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया गया। यूपीकॉन के प्रबंध निदेशक प्रवीण सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य युवाओं, विशेषकर महिलाओं को उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराना है। ‘उद्यमी बडी’ केवल एक मैस्कॉट नहीं, बल्कि युवाओं को कौशल सीखने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देने वाली पहल है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें