लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मौलाना जर्जिस अंसारी के भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए कथित बयान पर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता हजरतगंज कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने मौलाना के खिलाफ तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। संगठन ने आरोप लगाया कि कथित बयान से करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के जिला अध्यक्ष दुर्गेश पांडे अपने समर्थकों के साथ हजरतगंज कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए मांग की कि मौलाना जर्जिस अंसारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
कोतवाली परिसर के बाहर प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मौलाना के कथित बयान की कड़ी आलोचना की। विरोध जताने के लिए प्रदर्शनकारियों ने मौलाना की तस्वीर पर जूते मारकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इसके बाद तस्वीर को आग के हवाले कर विरोध दर्ज कराया।
दुर्गेश पांडे ने कहा कि यदि प्रशासन इस मामले में समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं करता है तो हिंदू सुरक्षा सेवा संघ प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन इस मुद्दे को लेकर पीछे नहीं हटेगा और कानून के दायरे में रहकर विरोध जारी रखेगा।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इस मामले में एफआईआर दर्ज किए जाने या किसी अन्य कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी। वहीं, मौलाना जर्जिस अंसारी की ओर से भी इस विरोध और लगाए गए आरोपों पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
हिंदू सुरक्षा सेवा संघ का आरोप है कि मौलाना जर्जिस अंसारी ने भगवान श्रीकृष्ण को लेकर एक कथित बयान दिया, जिसे संगठन ने आपत्तिजनक बताया है। इसी कथित बयान के विरोध में संगठन के कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें