राजधानी लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला भरवारा क्रॉसिंग के पास स्थित जेजेड मोटर्स गैराज का है, जहां देर रात एक नकाबपोश चोर गैराज में घुसा और चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। राहत की बात यह रही कि पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
गैराज के मालिक जुनैद, जो विज्ञान खंड-4 के निवासी हैं, जब रोज की तरह सुबह गैराज पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। गैराज का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
गैराज में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर एक व्यक्ति चेहरे पर मास्क लगाए अंदर दाखिल होता दिखाई दिया। फुटेज में संदिग्ध चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार होता नजर आ रहा है। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
गैराज संचालक जुनैद का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बाद भी उन्हें कार्रवाई के लिए थाने के कई चक्कर लगाने पड़े। उनका कहना है कि चोरी की घटना के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
हालांकि, इस मामले में बीबीडी थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने एक बार फिर बीबीडी थाना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं और रात के समय पुलिस गश्त को और प्रभावी बनाए जाने की जरूरत है, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें