UP News: प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को शारदीय नवरात्र की अष्टमी तिथि पर मां महागौरी के स्वरूप की विधिवत पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री मां महागौरी को शांति, पवित्रता और करुणा का प्रतीक बताते हुए नारी सशक्तीकरण का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब हर मां स्वस्थ और सुरक्षित हो। हर बेटी को पर्याप्त पोषण और बेहतर भविष्य मिले। प्रत्येक महिला सम्मान के साथ आत्मनिर्भर जीवन जी सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पोस्ट में आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य की डबल इंजन सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और शिक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। यूपी सरकार का उद्देश्य महिलाओं को योजनाओं का लाभार्थी बनाना नहीं, बल्कि उन्हें प्रगति का सक्रिय भागीदार बनाना है। मुख्यमंत्री ने साल 2017 से पहले की व्यवस्था पर भी सवाल उठाया और कहा कि पिछली सरकारों में बच्चों के पोषण से जुड़ी व्यवस्था में अनियमितताएं थीं। वर्तमान सरकार ने टेक होम राशन के उत्पादन और वितरण की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सौंपकर पारदर्शिता सुनिश्चित की है। इससे पोषण सेवाओं को मजबूत करने और महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद मिली।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा में अहम भूमिका निभाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय तीन हजार से बढ़ाकर 12,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। साथ ही उन्हें स्वास्थ्य बीमा का लाभ देकर सामाजिक सुरक्षा मजबूत करने का प्रयास किया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि सामर्थ्य, काशी, बाबा गोरखनाथ और सृजनी जैसी दुग्ध उत्पादक कंपनियों से 31 जनपदों की चार लाख से ज्यादा महिलाएं जुड़ी हुई हैं। ये महिलाएं दुग्ध उत्पादन के माध्यम से आय अर्जित कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं।
वहीं ग्राम पंचायतों में बीसी सखी पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करने में मदद कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में एक करोड़ 20 लाख से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। लखपति दीदी पहल के जरिए महिलाएं मेहनत और कौशल को नियमित आय में बदल रही हैं। सीएम ने संदेश देते हुए लिखा कि सशक्त नारी, समृद्ध उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि से ही उत्तर प्रदेश का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित होगा।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें