Ambedkar Nagar News: दिवाली और धनतेरस का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद ज्वेलरी की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिखाई देने लगी है। लोग त्योहार पर शुभ खरीदारी के लिए सोने-चांदी के गहने और पूजन से जुड़े समान खरीदने पहुंच रहे हैं। इस बार बाजार में सबसे खास बात यह है कि महंगे सोने के कारण लोग कम बजट वाले गहनों की ओर रुख कर रहे हैं।
ज्वेलरी कारोबारियों के मुताबिक, इन दिनों नौ कैरेट सोने के गहनों की मांग बढ़ रही है। कम कीमत में पसंदीदा डिजाइन के गहने मिलने कि वजह से ग्राहक इन्हें पसंद कर रहे हैं। सोने के बढते दामो के चलते लोग अपनी जेब के हिसाब से खरीदारी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि सोने की कीमत करीब 1.20 लाख रुपये से बढ़कर 1.60 लाख रुपये तक पहुंच गई है। ऐसे में कम वजन और कम कीमत वाले गहनों की मांग बढ़ गई है।
वहीं, चांदी के भाव में गिरावट के बाद ग्राहकों में खरीदारी को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। धनतेरस पर चांदी के लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की मांग अधिक है। इसके अलावा पुराने चांदी के सिक्के और पूजा में इस्तेमाल होने वाली चांदी की वस्तुएं भी लोग खरीद रहे हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस और दीपावली के दिन बाजार में ग्राहकों की संख्या और बढ़ेगी। त्योहार को देखते हुए दुकानदारों ने भी अपनी दुकानों पर नए डिजाइन के गहने और चांदी की पूजा सामग्री सजानी शुरू कर दी है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें