Asaduddin Owaisi: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने अमेरिका के मिडटर्म चुनाव के नतीजों को लेकर उत्तर प्रदेश के मुसलमानों को एक बड़ा संदेश दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ओवैसी ने अमेरिका के मिशिगन में मुस्लिम उम्मीदवार अब्दुल अल सैयद की जीत का उल्लेख करते हुए यूपी के मुसलमानों से अपनी सियासी पहचान और ताकत मजबूत करने की अपील की है। एआईएमआईएम चीफ का बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने अमेरिका चुनाव नतीजों को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया। जिसमें उन्होंने लिखा कि एक अब्दुल मिशिगन में जीत गया, अब उत्तर प्रदेश के अब्दुल को अपनी सियासी पहचान मजबूत करनी होगी। ओवैसी ने आगे कहा कि संघियों ने अब्दुल को तंज के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश की है। अब समय आ गया है कि अपनी सियासी ताकत दिखाई जाए।

ओवैसी ने पोस्ट में ‘अब दरी नहीं बिछाएंगे’ कहकर भी राजनीतिक संदेश दिया। साथ ही लिखा कि वक्त आ गया है दिखाएं कि अब्दुल अल्लाह के सिवा किसी और की गुलामी नहीं करता। उल्लेखनीय है कि अमेरिका के मिडटर्म चुनाव परिणाम में डेमोक्रेटिक पार्टी प्रत्याशी अब्दुल अल सैयद ने जीत दर्ज की है। मिशिगन से सीनेट चुनाव में अब्दुल अल सैयद ने रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर्स को शिकस्त दी।
वहीं उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले एआईएमआईएम चीफ ओवैसी ने प्रदेश में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। उन्होंने हाल ही में रामपुर और कैराना जैसी मुस्लिम बाहुल क्षेत्रों में रैलियां भी की।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें