UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की विधिवत आराधना की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नारी शक्ति, सुरक्षा और सम्मान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान मजबूत एवं समृद्ध समाज की बुनियाद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट शेयर किया।
उन्होंने अपने पोस्ट के जरिए संदेश देते हुए कहा कि मां भगवती की तृतीय स्वरूप मां चंद्रघंटा का दिव्य स्वरूप नारी शक्ति के तेज और अदम्य साहस का प्रतीक है। मां का यह स्वरूप समाज को महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान करने की सीख देता है। सीएम योगी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में यूपी की डबल इंजन सरकार सुशासन के जरिए महिला सशक्तीकरण के लिए कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जारी किये गये संदेश में साल 2017 से पहले की राज्य की स्थिति का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि पूर्व में यूपी में अराजकता के कारण महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान प्रभावित होता था। पहले महिलाओं के सशक्तीकरण की जगह सत्ता में बैठे लोगों के परिवारों को ही प्राथमिकता दी जाती थी। वर्तमान सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने आगे महिलाओं और बेटियों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का भी जिक्र किया। सीएम योगी ने कहा कि ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान बेटियों के संरक्षण और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में बेहद अहम भूमिका निभा रहा है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के जरिए बेटियों के भविष्य को उज्ज्वल बनाया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को गरिमापूर्ण पहल बताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में 60 वर्ष से ज्यादा उम्र की महिलाओं के लिए आजीवन निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा दी जा रही है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें