शराब पीने से रोकती थी बहू तो, ससुर ने बांस से पीटकर ले ली जान

अम्बेडकरनगर के इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव की घटना, मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान 24 वर्षीय महिला की मौत
Bureau 10 Jun 2026, 07:27 PM 1 min read
शराब पीने से रोकती थी बहू तो, ससुर ने बांस से पीटकर ले ली जान

 

अंबेडकरनगर जिले के इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में बुधवार को हुई एक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। 24 वर्षीय निशा वर्मा की मौत के मामले में उसके ससुर श्रीपति वर्मा पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगा है। ग्रामीणों के अनुसार परिवार में शराब और खेत बेचने को लेकर लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी।

 

ग्रामीणों के मुताबिक, बुधवार दोपहर निशा वर्मा के दोनों बेटे, चार वर्षीय आदित्य और दो वर्षीय ओम, खेलते-खेलते पड़ोस में बन रहे एक मकान तक पहुंच गए। बताया जाता है कि वे वहां से चिनाई में इस्तेमाल होने वाला साहुल उठा लाए थे। पड़ोसी द्वारा इसकी शिकायत किए जाने के बाद घर में कहासुनी शुरू हुई। आरोप है कि इसी दौरान विवाद बढ़ गया और श्रीपति वर्मा ने पास में रखा बांस का टुकड़ा उठाकर बहू पर हमला कर दिया।

 

दोपहर के समय अधिकांश लोग अपने घरों में थे। ग्रामीणों के अनुसार महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल निशा वर्मा को ग्रामीणों की मदद से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

 

घटना की सूचना मिलने पर इब्राहिमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। और निशा के ससुर को भी हिरासत में ले लिया गया है थाना प्रभारी आशुतोष शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

गांव के लोगों का कहना है कि श्रीपति वर्मा लंबे समय से शराब का सेवन करता था। ग्रामीणों के अनुसार वह अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए खेत भी बेचता था, जिसका निशा वर्मा विरोध करती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी वजह से परिवार के भीतर अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

 

जानकारी के अनुसार, निशा वर्मा के पति रोहित वर्मा घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। वह मजदूरी के सिलसिले में बाहर गए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद उन्हें वापस बुलाया गया। वहीं, परिवार के अन्य सदस्य भी उस समय घर पर मौजूद नहीं थे। मृतका का देवर किसी काम से बाहर गया था, जबकि देवरानी मायके गई हुई थी।

 

मृतका का मायका भी इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के अचलपुर गांव में है। सूचना मिलने के बाद पिता राजमणि वर्मा मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उन्हें अपनी बेटी की मौत की जानकारी मिली।

 

ग्रामीणों के अनुसार श्रीपति वर्मा लंबे समय से शराब का आदी था। गांव के कुछ लोगों का यह भी कहना है कि उसकी पत्नी करीब 15 वर्ष पहले उसे छोड़कर चली गई थी। हालांकि इस संबंध में स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। 24 वर्षीय निशा वर्मा अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और पूरे मामले को लेकर लोगों के बीच चर्चा बनी हुई है।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

जांच शुरू होते ही सामने आया पहला मामला, अम्बेडकरनगर में कोचिंग सेंटर सील
किसे मिला कौन सा विकास खंड? अंबेडकरनगर में सात BDO बदले, तीन नए अधिकारियों को जिम्मेदारी
मुहर्रम से पहले अंबेडकरनगर में क्यों बढ़ी हलचल, पुलिस और RAF ने संभाला मोर्चा
नई पीढ़ी तक बौद्ध विरासत पहुंचाने की पहल, अम्बेडकरनगर में शुरू हुआ 'बोधि-पथ'
लखनऊ अग्निकांड के बाद अम्बेडकरनगर में बढ़ी हलचल, कोचिंग सेंटरों में शुरू हुआ औचक निरीक्षण
अम्बेडकरनगर में "मेरी कहानी, मेरी जुबानी" से गूंजी आत्मनिर्भरता की आवाज, ब्रज की रंगारंग प्रस्तुतियों ने भी बांधा समा
नीट पुनर्परीक्षा के दिन अंबेडकरनगर में क्या रहा माहौल? केंद्रों पर पहुंचीं डीएम, सुरक्षा व्यवस्था पर रही खास नजर
अनिश्चितता के बाद 5088 अभ्यर्थियों को मिला एक और मौका, 11 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में हुई परीक्षा
हॉर्न बजाती रही ट्रेन, गाने की तेज आवाज में बढ़ती रही कार... फिर 100 मीटर तक घिसटता चला गया वाहन