>अब राम मंदिर की सुरक्षा भी होगी वैसी ही, जैसी देश की सर्वोच्च संस्था संसद भवन की है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास ने मंदिर की चारदीवारी निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 3400 मीटर लंबी यह सुरक्षा दीवार संसद भवन की तर्ज पर बनेगी और उम्मीद है कि एक साल के भीतर निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
>मंगलवार को हुई न्यास की बैठक के बाद महासचिव चंपत राय ने जानकारी दी कि रामकथा संग्रहालय का सिविल वर्क जारी है। इसके बाद डिस्प्ले वर्क शुरू होगा। संग्रहालय में कुल 20 गैलरी होंगी, जिनमें से एक हिस्से का निर्माण आईआईटी मद्रास की टीम 7डी तकनीक से कर रही है। यहां रामायण की मूल प्रतियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
>महासचिव ने अनुसार श्री राम मंदिर परिसर में होने वाला ध्वजारोहण समारोह 25 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। यह तिथि अब फाइनल कर दी गई है। इसके साथ ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास में लंबे समय से खाली एक पद पर आखिरकार नियुक्ति हो गई है। हरदोई निवासी कृष्ण मोहन को नया ट्रस्टी बनाया गया है।
यह नियुक्ति ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य कामेश्वर चौपाल के निधन (फरवरी 2025) के बाद खाली हुई जगह पर की गई है। चंपत राय ने बताया कि परंपरा के अनुसार इस पद पर एससी समाज से ही प्रतिनिधि चुना जाना था, जिस पर छह महीने की चर्चा के बाद कृष्ण मोहन को मनोनीत किया गया।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें