गोल्ड जीतकर लौटे पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या, गाजियाबाद में साईं उपवन से मिला लहूलुहान शव

बेंगलुरु में अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जीता था स्वर्ण पदक, पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुटी।
Bureau 30 May 2026, 11:41 PM 1 min read
गोल्ड जीतकर लौटे पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या, गाजियाबाद में साईं उपवन से मिला लहूलुहान शव

 

गाजियाबाद। देश के उभरते पैरा एथलीट और हाल ही में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले 25 वर्षीय चिराग त्यागी की शनिवार को गाजियाबाद में हत्या कर दी गई। उनका शव जीटी रोड स्थित साईं उपवन में साईं मंदिर के पास लहूलुहान अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला एमएमजी अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जांच में शरीर पर गोली लगने के निशान मिलने के साथ ही करंट लगने की आशंका भी जताई जा रही है।

चिराग त्यागी हाल ही में बेंगलुरु में आयोजित 8वीं इंडियन ओपन इंटरनेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर लौटे थे। उनकी हत्या की खबर से खेल जगत और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर है।

 

बेंगलुरु से लौटने के कुछ घंटों बाद मिला शव: जानकारी के अनुसार, चिराग 25 मई को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बेंगलुरु गए थे। शनिवार सुबह उन्होंने सिहानी में रहने वाले अपने ममेरे भाई आशीष त्यागी को फोन कर बताया था कि वह वापस लौट आए हैं और जल्द ही घर पहुंचेंगे। इसके कुछ घंटे बाद पुलिस ने आशीष को सूचना दी कि नया बस अड्डा क्षेत्र के पास चिराग का मोबाइल मिला है। जब वह मौके पर पहुंचे तो उन्हें अस्पताल आने के लिए कहा गया। जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचने पर उन्हें चिराग की हत्या की जानकारी मिली।

 

साईं उपवन में मिला शव, पास में मिला मोबाइल और बैग: शनिवार दोपहर करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि साईं उपवन में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान चिराग त्यागी के रूप में की। घटनास्थल से उनका मोबाइल फोन और बैग भी बरामद हुआ है। मोबाइल और अन्य सामान सुरक्षित मिलने के कारण पुलिस फिलहाल लूटपाट की आशंका को प्रमुख कारण नहीं मान रही है। घटनास्थल पर बिखरे खून और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से संघर्ष की संभावना भी जताई जा रही है।

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह: पुलिस के अनुसार शव की स्थिति देखकर चिकित्सकों ने करंट लगने की आशंका जताई है, जबकि पीठ पर गोली लगने जैसा निशान भी मिला है। ऐसे में मौत गोली लगने से हुई या करंट लगने से, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

 

परिचितों पर शक, कई पहलुओं पर जांच: प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी चिराग के परिचित हो सकते हैं। माना जा रहा है कि दिल्ली पहुंचने के बाद चिराग मेट्रो से नया बस अड्डा स्थित शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन तक आए थे और वहां से किसी परिचित के साथ साईं उपवन पहुंचे। पुलिस पेशेवर प्रतिद्वंद्विता, व्यक्तिगत संबंधों और आर्थिक लेन-देन सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामले की जांच के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

 

गर्लफ्रेंड और करीबी लोगों से भी पूछताछ: सूत्रों के अनुसार, घटना वाले दिन चिराग से मिलने उनकी एक महिला मित्र भी गाजियाबाद आई थी। बताया जा रहा है कि दोनों की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी और बाद में उनके बीच नजदीकियां बढ़ी थीं। महिला मित्र के इंदौर निवासी होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस चिराग के साथ खेलने वाले खिलाड़ियों, कोच, परिचितों और महिला मित्र से भी जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही दिल्ली से गाजियाबाद तक उनके पूरे मूवमेंट और मोबाइल कॉल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

 

परिवार के इकलौते बेटे थे चिराग: मुरादनगर क्षेत्र के बसंतपुर सैंथली गांव निवासी किसान मनोज त्यागी के इकलौते बेटे चिराग त्यागी एक प्रतिभाशाली पैरा एथलीट थे। उन्हें दृष्टि संबंधी समस्या थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया था।

 

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने कहा, पुलिस टीमें सभी पहलुओं पर जांच कर रही हैं। शीघ्र हत्यारों का पता लगाकर पर्दाफाश किया जाएगा। शुरुआती जांच में गोली मारकर हत्या किया जाना लग रहा है।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

'अब कभी अपराध नहीं करेंगे', गाजियाबाद में पुलिस के सामने बदमाशों ने ली शपथ
ग़ाज़िआबाद में 300 साल पुराने बहरामपुर अकबरपुर से हटेगा अकबर का नाम, जानिये अब क्या होगा नया नाम
गाजियाबाद में फिर बदला मौसम का मिजाज, लोनी में तेज हवाओं से कई घरों के शीशे टूटे
शामली मामले के बाद गाजियाबाद में जिम ट्रेनरों के लिए बदले नियम, पुलिस जांच के बाद ही मिलेगी नौकरी
गाजियाबाद में गर्लफ्रेंड के फ्लैट में मिला यूनिवर्सिटी टॉपर छात्र का शव, तीन युवतियां हिरासत में
भाई की हत्या के एक साल बाद अब तस्लीम की जान गई, लोनी में पुरानी दुश्मनी का खूनी अंजाम
यूपी गेट पर महापौर के निरीक्षण में मिला गंदा पानी, अवैध पार्किंग पर नोटिस
स्कूल, मंदिर और रिहायशी इलाका - बीच में खुली शराब की दुकान पर भड़के स्थानीय लोग
लोनी हत्याकांड में नया मोड़, धरने के बाद मुखिया गुर्जर और मनोज धामा पर कार्रवाई