>महिला सुरक्षा और स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति अभियान के फेस-5 की भव्य शुरुआत नोएडा में हो चुकी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा इस अभियान का उद्घाटन लखनऊ से किया गया, जिसे नोएडा के सेक्टर-108 स्थित पुलिस कमिश्नरेट में लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से दर्शाया गया।
>इस अवसर पर नोएडा के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर राजीव नारायण मिश्रा ने 'जागरूकता रैली' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली जीआईपी मॉल से शुरू होकर शहर के प्रमुख इलाकों से होते हुए नोएडा स्टेडियम तक पहुँची। रैली का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने का संदेश देना है।
>रैली में लगभग 50 महिला पुलिसकर्मी स्वयंसिद्धा स्कूटी पर सवार होकर महिलाओं को जागरूक कर रही हैं। इसके साथ ही पुलिस की चार-पहिया गाड़ियाँ भी शहर में घूमकर अभियान का संदेश आम जनता तक पहुँचा रही हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिला पुलिसकर्मी विशेष निगरानी रखकर महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित कर रही हैं।
>इस अवसर पर ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत हर थाने में महिला सुरक्षा केंद्र और डेडिकेटेड महिला हेल्पडेस्क स्थापित किए गए हैं। यदि किसी महिला के साथ कोई घटना होती है, तो वह बिना किसी डर के तुरंत पुलिस से संपर्क कर सकती हैं।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें