Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव में शनिवार को हद्यविदारक घटना घटित हुई। यहां एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मरने वालों में पति-पत्नी और तीन बच्चे शामिल है। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्यों ने बीती रात नूडल्स खाया था। जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने गयी और फिर एक-एक कर सभी की मौत हो गयी। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को आशंका है कि घटना फूड पाॅइजनिंग के चलते हुई है। हालांकि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान नगला श्री पदम गांव निवासी महेश (37), पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11), बेटी मिष्टी (7) और तीन वर्षीय बेटे साक्षात के रूप में हुई है। शनिवार सुबह रबूपुरा थाना पुलिस को एक ही परिवार के पांच लोगों की अचानक मौत हो जाने की सूचना मिली। घटना की जानकारी होते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गये। पुलिस टीम के साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह के मुताबिक पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पड़ोंस में रहने वाले लोगों और महेश की मां ने बताया कि परिवार के सभी सदस्यों ने शुक्रवार रात को नूडल्स खाया था। इस जानकारी के सामने आने के बाद प्रथमदृष्टया फूड पॉइजनिंग की ही संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच के परिणाम सामने आने के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा हो सकेगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बेहद बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्रित किये है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और खाद्य पदार्थों की जांच से मौत की सही वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से तफ्तीश कर रही है। वहीं एक ही परिवार के पांच सदस्यों की अचानक मौत हो जाने के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें