Sunday, 28 June 2026 | Lucknow | 29°C

कुछ ही सेकेंड में ढह गई शटरिंग... बाराबंकी में मलबे में दबे 11 मजदूर, एक की मौत

बाराबंकी के हैदरगढ़ में निर्माणाधीन निजी कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की शटरिंग गिरने से 11 मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई जबकि 10 घायल हैं। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
Bureau
Bureau News Desk
28 Jun 2026
10:35 AM
1 min read
कुछ ही सेकेंड में ढह गई शटरिंग... बाराबंकी में मलबे में दबे 11 मजदूर, एक की मौत
बाराबंकी में मलबे में दबे 11 मजदूर, एक की मौत
हाइलाइट्स
बाराबंकी के हैदरगढ़ में निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स में हादसा।
शटरिंग गिरने से 11 मजदूर मलबे में दबे।
एक मजदूर की मौत, 10 घायल।
कई घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान।

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ क्षेत्र में शनिवार शाम एक निर्माणाधीन निजी कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान शटरिंग और ढांचे का एक हिस्सा अचानक ढह जाने से वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए। प्रशासन की ओर से चलाए गए राहत एवं बचाव अभियान में 11 मजदूरों को बाहर निकाला गया, जिनमें एक की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से कई घंटों तक रेस्क्यू अभियान चलाकर मलबे में फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

यह खबर भी पढ़े - लखनऊ में कोल्ड स्टोरेज में लगी भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां घंटों से जुटीं

प्रशासन के अनुसार हादसे के समय निर्माणाधीन परिसर में कुल 28 मजदूर काम कर रहे थे। जिस हिस्से में शटरिंग गिरी, वहां लगभग 10 से 11 मजदूर मौजूद थे। अचानक ढांचा गिरने से वे मलबे के नीचे दब गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने भी शुरुआती राहत कार्य में प्रशासन की मदद की। बाद में पुलिस, दमकल और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान संभाला।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रंजन गौतम मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी की और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई।

जिलाधिकारी ने बताया कि हादसा एक निजी कमर्शियल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार निर्माणाधीन परियोजना के स्वामी लखनऊ निवासी के.पी. सिंह वर्मा बताए जा रहे हैं।

रेस्क्यू अभियान के दौरान मलबे में दबे सभी मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया। प्रशासन के मुताबिक एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में से गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जबकि अन्य का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि कुल 11 लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें एक मजदूर को मृत घोषित किया गया। शेष घायलों का उपचार किया गया, जबकि कुछ घायलों को उनकी स्थिति के अनुसार अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया या वे अपनी इच्छा से दूसरे अस्पताल चले गए।

प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। अधिकारियों के अनुसार यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Explore Related Topics

Barabanki News बाराबंकी हादसा Construction Accident शटरिंग गिरने का हादसा हैदरगढ़ समाचार मजदूर हादसा UP Breaking News Worker Death Building Collapse Uttar Pradesh News

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News