Ambedkar Nagar News: दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। शुक्रवार को धनतेरस है और घरों में साफ-सफाई से लेकर रंगाई-पुताई तक की तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। हर कोई चाहता है कि दीपावली पर उसका घर नए रंग-रूप में चमके, लेकिन इस बार पेंट और रंगाई-पुताई से जुड़े सामानों की बढ़ती कीमतों ने लोगों की जेब पर सीधा असर डाला है।
एशियन, बर्जर, नेरोलैक, ड्यूलक्स और बिरला ओपस जैसी कंपनियों के पेंट की कीमतें हजारों रुपये तक पहुंच गई हैं। कई प्रीमियम पेंट की कीमत 10 से 12 हजार रुपये तक बताई जा रही है। इतना ही नहीं, थिनर, तारपीन तेल, ब्रश, रोलर और अन्य जरूरी सामान भी महंगे हो गए हैं। दूसरी तरफ पुताई करने वाले मजदूरों की दिहाड़ी में भी काफी इजाफा हुआ है। पहले जहां मजदूर 700 रुपये प्रतिदिन में काम कर लेते थे, वहीं अब एक हजार से 1,200 रुपये तक की मांग कर रहे हैं। कई पेंट मिस्त्री रोजाना मजदूरी के बजाय ठेके पर काम करने को प्राथमिकता दे रहे हैं।
इससे घर की पुताई का कुल खर्च और बढ़ गया है। बाजार में ग्राहक पेंट के दाम पूछने के बाद अपने बजट के अनुसार सामान का चुनाव कर रहे हैं। मध्यमवर्गीय परिवारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती घर की सजावट और खर्च के बीच संतुलन बनाने की है। त्योहार की खुशियों के बीच महंगाई ने रंग-रोगन की चमक फीकी कर दी है। अब लोगों के सामने सवाल है कि दीपावली पर घर को नया रूप दें या बढ़ते खर्च को देखते हुए पुताई का कार्यक्रम सीमित रखें।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें