Punjab Politics: पंजाब राजनीति में विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। आम आदमी पार्टी से बगावत करने वाले तीन विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। तीनों नेताओं ने दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल होने के बाद तीनों नेताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार पर निशाना साधा और कहा कि बीजेपी ही केवल पंजाब का विकास कर सकती है।
आम आदमी पार्टी ने साल 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इसके बाद पार्टी में असंतोष बढ़ गया। सबसे पहले रविवार को सनौर विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। दोनों के विधायकों के रविवार को इस्तीफा देने के अगले ही दिन अमृतसर नॉर्थ से विधायक और पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी इस्तीफा दे दिया।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कुंवर विजय प्रताप सिंह ने दावा किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी खत्म हो चुकी है। इसके लिए उन्होंने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब सीएम भगवंत मान को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही उन्होंने पंजाब में भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने का भी दावा किया। कुंवर विजय प्रताप ने अमृतसर की जनता के नाम जारी संदेश में कहा कि विधायक रहते हुए उन्होंने अपने काम के लगभग 90 फीसदी लक्ष्य पूरे किए। हमेशा जनता की आवाज उठाई।
उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी की पहली सूची में सनौर सीट से रणजोध सिंह हडाना और समाना सीट से पूर्व अकाली नेता सुरजीत सिंह रखड़ा को विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाए जाने के बाद नाराजगी बढ़ी थी। तीनों विधायकों के इस्तीफे के बाद आम आदमी पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष से उनकी सदस्यता रद्द करने की मांग की बात कही थी। पार्टी का कहना था कि दोनों विधायकों को पूर्व में ही पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निलंबित किया जा चुका है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें