>उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इस दौरान राज्य में कुल 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की तैयारी है। फॉर्म जमा करने की समय-सीमा समाप्त होने के बाद अब आगे की औपचारिकताओं का कैलेंडर जारी किया गया है।
>चुनाव प्रशासन के अनुसार, प्रदेश की मतदाता सूची में अब कुल 12.55 करोड़ मतदाता दर्ज होंगे। 31 दिसंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जिस पर नागरिक 30 जनवरी तक आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। अंतिम मतदाता सूची 28 फरवरी को जारी की जाएगी।
>पुनरीक्षण के दौरान 1.13 करोड़ मतदाताओं को नोटिस भेजे गए, जिनका वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मिलान नहीं हो सका। कुल 91 प्रतिशत मतदाताओं का 2003 की सूची से मिलान सफल रहा है। दस्तावेज सत्यापन के लिए 1.13 करोड़ लोगों से आवश्यक कागजात मांगे गए हैं।
>प्रक्रिया में 46 लाख मृत मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। इसके अलावा 23.70 लाख डुप्लीकेट प्रविष्टियां पाई गईं, जबकि 83.73 लाख मतदाता सूची में अनुपस्थित पाए गए। जारी कार्यक्रम के अनुसार, आपत्तियों के निस्तारण के बाद 28 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें