प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने की दिशा में योगी सरकार 22 मार्च को 1,228 नवचयनित नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
सरकारी कार्यक्रम के तहत 492 अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री द्वारा सीधे नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे, जबकि शेष 736 अभ्यर्थियों को प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों में आयोजित लाइव कार्यक्रम के माध्यम से जनप्रतिनिधियों द्वारा नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।
चिकित्सा शिक्षा विभाग के अनुसार इन नर्सिंग अधिकारियों की तैनाती 13 राजकीय मेडिकल कॉलेजों आगरा, कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, झांसी, गोरखपुर, अंबेडकरनगर, कन्नौज, आजमगढ़, जालौन, सहारनपुर, बांदा और बदायूं के साथ जेके कैंसर संस्थान और हृदय रोग संस्थान कानपुर में की जाएगी।
लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा चयनित 1,228 अभ्यर्थियों में 1,097 महिला और 131 पुरुष शामिल हैं। विभाग के अनुसार रिक्त पदों को भरने के लिए यह भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई है।
राज्य सरकार के अनुसार प्रदेश में रोजगार सृजन के तहत इस वर्ष डेढ़ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रिया जारी है। कार्यक्रम के तहत चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित संस्थानों में नियुक्ति देकर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें