शामली में ‘जीवा गैंग’ का अंत: 1 लाख का शूटर फैसल एनकाउंटर में ढेर

Shamli News: रात के अंधेरे में चली गोलियों की गूंज ने शामली को हिला दिया जब पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में ‘जीवा गैंग’ का कुख्यात शूटर ढेर हो गया।
News Desk 24 Oct 2025, 03:54 AM 1 min read
शामली में ‘जीवा गैंग’ का अंत: 1 लाख का शूटर फैसल एनकाउंटर में ढेर


>शामली पुलिस ने गुरुवार देर रात एक बड़ी सफलता हासिल की। कुख्यात अपराधी संजीव जीवा गैंग के शार्प शूटर फैसल को एनकाउंटर में ढेर कर पुलिस ने प्रदेश में अपराध के नेटवर्क को एक और झटका दिया है। फैसल पर हत्या, लूट और रंगदारी जैसे 18 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे और उस पर ₹1 लाख का इनाम घोषित था।


>पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम फैसल और उसके साथी ने वेदखेड़ी बाग के पास भैया दूज का पर्व मनाकर लौट रहे दंपति को लूट लिया। बदमाशों ने उनसे बाइक, मोबाइल और नकद रुपये छीन लिए और फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी शुरू की। देर रात भोगी माजरा-मछरोली मार्ग पर पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को घेरा तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में फैसल को गोली लगी और वह मौके पर ही ढेर हो गया। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।


>इस मुठभेड़ में झिंझाना थाना प्रभारी वीरेन्द्र कसाना और एसओजी प्रभारी कुलदीप सिंह गोली की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। वहीं, कांस्टेबल दीपक को पैर में गोली लगी, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।


>फैसल कुख्यात अपराधी संजीव जीवा के गैंग से जुड़ा था, जो संगठित अपराध और सुपारी किलिंग के लिए कुख्यात रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह पिछले कई महीनों से पश्चिमी यूपी और हरियाणा में सक्रिय था। हाल ही में उसके साथी शाहरुख पठान को भी पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था।


>शामली एनकाउंटर योगी सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस नीति’ का एक और उदाहरण है। प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि अपराध का कोई भी रूप अब बख्शा नहीं जाएगा। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया “फैसल एक कुख्यात अपराधी था जिस पर ₹1 लाख का इनाम घोषित था। उसकी तलाश लंबे समय से की जा रही थी। यह एनकाउंटर पुलिस की रणनीतिक कार्रवाई का परिणाम है।”

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें