Up News: यूपी मे भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच एक बार फिर बयानबाज़ी तेज हो गयी है। यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने सपा पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए पार्टी की राजनीति को 'परिवारवाद प्राइवेट लिमिटेड' बताया।
पंकज चौधरी ने अपने पोस्ट में PDA का नया मतलब बताते हुए सपा पर तंज कसा। उन्होंने P का मतलब परिवार, D का मतलब दरी बिछाना और A का मतलब आइए बताया। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने समाजवादी पार्टी की राजनीति और संगठन में आम कार्यकर्ताओं की जगह को लेकर सवाल उठाए। साथ ही, भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी में बड़े पदों पर परिवार के लोगों को ही मौका दिया जाता है। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष के पद से लेकर मुख्यमंत्री पद की दावेदारी तक परिवार के प्रभाव की बात कही। इसके साथ ही सांसद, विधायक और विधान परिषद के पदों पर भी परिवार के सदस्यों को आगे रखने का आरोप लगाया।
पंकज चौधरी ने सपा के कार्यकर्ताओं को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ताओं की भूमिका केवल नारे लगाने, दरी बिछाने और परिवार की पालकी उठाने तक रह गई है। उनके इस बयान को सपा के संगठन पर सीधे हमले के तौर पर देखा जा रहा है। वही,उत्तर प्रदेश की राजनीति में इससे पहले भी भाजपा और सपा के बीच परिवारवाद का मुद्दा कई बार उठ चुका है। दोनों दल इस मुद्दे पर एक-दूसरे को घेरते रहे हैं। पंकज चौधरी के ताजा पोस्ट ने एक बार फिर इस राजनीतिक बहस को चर्चा में ला दिया है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें