UP IAS Transfer: प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सरकार ने एक साथ 38 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस तबादला सूची में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, विशेष सचिव और विकास प्राधिकरणों में तैनात कई वरिष्ठ अधिकारियों के नाम शामिल हैं। इस फेरबदल के तहत लखनऊ विकास प्राधिकरण, वाराणसी, गाजियाबाद, मेरठ, सीतापुर, गोरखपुर और कई अन्य जिलों में महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनाती की गई है।
तबादला सूची के अनुसार अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अब तक इस पद पर तैनात रहे प्रथमेश कुमार को सीतापुर का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, सीतापुर के मौजूदा जिलाधिकारी राजागणपति आर को सूडा का निदेशक नियुक्त किया गया है। वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी अब वाराणसी के नए नगर आयुक्त होंगे। विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स अभिषेक कुमार को गोरखपुर का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।

गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। अयोध्या के मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह को भी यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। यहां तैनात राजेश कुमार को अयोध्या का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा डॉ. नितिन मदान को उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) का संयुक्त प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

राज्य सरकार ने महाराजगंज और सिद्धार्थनगर जिलों के जिलाधिकारियों की अदला-बदली की है। महाराजगंज के डीएम गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर भेजा गया है, जबकि सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन को महाराजगंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह अब मुजफ्फरनगर के नए जिलाधिकारी होंगे। मेरठ की मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल को ग्रेटर नोएडा में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।

फतेहपुर के मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना को नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। इस विभाग में विशेष सचिव रहे जोगिंदर सिंह को बिजनौर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, बिजनौर के डीएम उमेश प्रताप सिंह को लोक निर्माण विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। पूनम निगम को फतेहपुर का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। श्रावस्ती के मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद को डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी में अपर निदेशक बनाया गया है। उनकी जगह शिशिर कुमार सिंह श्रावस्ती के नए सीडीओ होंगे।
अलीगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार को फिरोजाबाद का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। वहीं, फिरोजाबाद के मुख्य विकास अधिकारी शोहन वैश्य को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा बरेली मंडल के अपर आयुक्त मनोज कुमार को वाराणसी मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। अतुल कुमार को बरेली मंडल का नया अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है। मंजूलता को मुरादाबाद नगर निगम का अपर नगर आयुक्त और प्रतिभा सिंह को कानपुर मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें