Ballia Road Accident: छठ पर्व की तैयारियों के बीच बलिया के नगरा क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने देखते ही देखते चार परिवारों की खुशियां एक पल में छीन लीं। देर रात बाजार से घर लौट रहे चार दोस्तों की सड़क हादसे में मौत हो गई। दो कारों के बीच आगे निकलने की रेस के दौरान एक कार अनियंत्रित होकर ताड़ के पेड़ से टकरा गई।
जानकारी के मुताबिक, गौवापार गांव के आठ दोस्त दो कारों में सवार होकर नगरा बाजार गए थे। देर रात सभी दोनों कारों से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दोनों कारों के बीच आगे निकलने की रेस शुरू हो गई। तेज रफ्तार में चल रही एक कार नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुआडीह मोड़ के पास चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। इसके बाद कार सड़क किनारे खड़े ताड़ के पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरी कार में मौजूद दोस्तों और आसपास के लोगों ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही गौवापार गांव में चीख-पुकार मच गई। जिन घरों में छठ की तैयारियां चल रही थीं, वहां मातम छा गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों की हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मऊ रेफर कर दिया। परिजन दोनों को लेकर मऊ जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई। एक साथ चार दोस्तों की मौत से गौवापार गांव में शोक की लहर है। नगरा थानाध्यक्ष संजय मिश्र ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें