UP News: गोरखपुर में रोड शो के दौरान बच्चे की मौत के मामले में अब राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गयी है। गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की निकाली गई पीडीए रथयात्रा पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने करारा वार किया है। श्री राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर सपा प्रमुख पर जमकर तंज कसा। साथ ही रोड शो के दौरान 13 वर्षीय आर्यवर्धन की मौत को लेकर सवाल भी खड़े किये।
सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने पोस्ट में अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि क्या मित्र अखिलेश यादव जी... गोरखपुर में बेइज्जती करा आए? कर लिया सड़कों पर तांडव? उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि रोड शो के दौरान अव्यवस्था के बीच मासूम की जान चली गई। राजभर ने दावा किया कि रथयात्रा में शामिल बुलडोजर की चपेट में आने से बीजेपी नेता के बेटे आर्यवर्धन की मौत हुई। सुभासपा अध्यक्ष ने घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि हादसे में जो भी लोग शामिल हो, उनके खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने गोरखपुर में सपा की पीडीए रथ यात्रा को अराजकता का पर्याय करार दिया। ओमप्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर आरोप भी लगाया कि उन्होंने बच्चे की मौत पर न तो दुख जताया और न ही परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। अपनी पोस्ट में श्री राजभर ने स्वतंत्रता सेनानियों की जाति को लेकर चर्चा करने पर भी अखिलेश यादव की आलोचना की। उन्होंने इसे राजनीतिक प्राथमिकताओं से जोड़ते हुए सवाल उठाया कि एक तरफ बच्चे की मौत हुई और दूसरी तरफ जाति को लेकर बयानबाजी की जा रही थी।

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे को लेकर धार्मिक और राजनीतिक टिप्पणियां भी कीं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव गोरखपुर गए, लेकिन गुरु गोरखनाथ के मंदिर और गीता प्रेस नहीं पहुंचे। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें गीता प्रेस जाकर भगवद्गीता खरीदनी चाहिए थी। उन्होंने चौरीचौरा के पास स्थित तरकुलही माई मंदिर का जिक्र भी किया और अखिलेश पर निशाना साधा।
साथ ही श्री राजभर ने विपक्षी गठबंधन और कांग्रेस का उल्लेख करते हुए कहा कि रोड शो में कांग्रेस के झंडे और बैनर भी दिखाई देने चाहिए थे। राजभर ने पोस्ट के अंत में सपा मुखिया अखिलेश यादव को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें गलत संगत छोड़ वरिष्ठ लोगों से मार्गदर्शन लेना चाहिए। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि अगर सपा ने अपनी कार्यशैली में बदलाव नहीं किया तो साल 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें