Wednesday, 25 November 2026 | Lucknow | 29°C

UP News: LDA के दायरे में होगा पूरा लखनऊ, बाराबंकी में बनेगा नया विकास प्राधिकरण

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की सीमा का विस्तार कर पूरे लखनऊ जिले को इसके दायरे में लाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
Bureau
Bureau News Desk
25 Nov 2026
03:28 PM
1 min read
UP News: LDA के दायरे में होगा पूरा लखनऊ, बाराबंकी में बनेगा नया विकास प्राधिकरण
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
बाराबंकी में बनेगा नया विकास प्राधिकरण
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर का होगा विकास
2051 तक राज्य राजधानी क्षेत्र की आबादी होगी 4.9 करोड़
विकास प्राधिकरणों में खाली पदों पर जल्द होगी भर्ती

UP News: राजधानी लखनऊ के विकास को लेकर योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ विकास प्राधिकरण की सीमा का विस्तार कर पूरे लखनऊ जिले को इसके दायरे में लाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही बाराबंकी में नए विकास प्राधिकरण के गठन की प्रक्रिया तेज करने को कहा है। मंगलवार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अन्य विकास प्राधिकरणों की सीमाओं का भी जरूरत के अनुसार विस्तार करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य राजधानी क्षेत्र में लखनऊ की आबादी तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में आवासीय, व्यावसायिक और सामुदायिक सुविधाओं की मांग भी बढ़ रही है। राजधानी के बाहरी इलाकों में अवैध और अनियंत्रित निर्माण पर रोक लगाने के लिए एलडीए का विस्तार जरूरी है। अधिकारियों के मुताबिक, वर्ष 1974 में स्थापित एलडीए का 1999, 2009 और 2014 में विस्तार किया गया था। वर्तमान में इसके अधिकार क्षेत्र में नगर निगम क्षेत्र और 306 राजस्व गांव शामिल हैं। इसका कुल क्षेत्रफल 1,051 वर्ग किलोमीटर है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी विकास प्राधिकरणों में रिक्त पदों को जल्द भरने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर शहरी नियोजन के लिए योग्य कर्मचारियों और विशेषज्ञों की उपलब्धता जरूरी है। प्रत्येक विकास प्राधिकरण में स्थायी टाउन प्लानर की नियुक्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। लखनऊ से सटे बाराबंकी में तेजी से बढ़ते शहरीकरण और औद्योगिक गतिविधियों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने नए विकास प्राधिकरण के गठन का प्रस्ताव तैयार करने को कहा है। उन्होंने कहा कि राजधानी के नजदीक होने के कारण बाराबंकी में आवासीय निर्माण और भूमि उपयोग में तेजी से बदलाव हो रहा है। इसलिए शुरुआत से ही विकास को व्यवस्थित दिशा देना जरूरी है, ताकि भविष्य में जल निकासी, सड़क, बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं न पैदा हों।

मुख्यमंत्री ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर के विकास की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि कॉरिडोर आधारित विकास को उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण में शामिल करके तेजी से आगे बढ़ाया जाए। अधिकारियों के अनुसार, इस क्षेत्र में लगभग 470 वर्ग किलोमीटर का इलाका, 171 गांव और अचलगंज नगर पंचायत शामिल हैं। पिछले दस वर्षों में यहां निर्माण क्षेत्र दोगुने से अधिक हो गया है। वर्ष 2015 में निर्मित क्षेत्र 1,962 हेक्टेयर था, जो 2025 में बढ़कर 3,902 हेक्टेयर हो गया। मुख्यमंत्री ने इस कॉरिडोर का एकीकृत नियोजन कर औद्योगिक और आर्थिक विकास को गति देने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। प्रस्तावित स्टेडियम में 35 से 40 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। इसके निर्माण के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन को रेवेन्यू शेयर मॉडल पर संभावनाओं का अध्ययन करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य राजधानी क्षेत्र की GIS आधारित क्षेत्रीय योजना-2051 की भी समीक्षा हुई। इसमें लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, उन्नाव और रायबरेली को शामिल किया गया है। यह क्षेत्र कुल 27,826 वर्ग किलोमीटर में फैला है और वर्तमान आबादी लगभग 2.92 करोड़ है। अनुमान है कि 2051 तक यहां की आबादी बढ़कर 4.9 करोड़ हो जाएगी। शहरीकरण का स्तर भी 29 प्रतिशत से बढ़कर 46 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी जिलों की आर्थिक और भौगोलिक विशेषताओं को ध्यान में रखकर विकास योजनाएं बनाई जाएं। लखनऊ में शहरी सुविधाओं और आपदा प्रबंधन, रायबरेली में विनिर्माण एवं डिफेंस इंजीनियरिंग, उन्नाव में औद्योगिक विस्तार, बाराबंकी में कृषि आधारित उद्योग और इको-टूरिज्म, हरदोई में संडीला औद्योगिक कॉरिडोर तथा सीतापुर में नैमिषारण्य के पर्यटन विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए।

Explore Related Topics

Lucknow Development Plan LDA Expansion Lucknow Development Authority

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News