UP News: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर उत्तर प्रदेश में आस्था और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रदेश के अलग-अलग शहरों में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। वाराणसी में गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर पूजा-अर्चना की, वहीं प्रयागराज में देव दीपावली के अवसर पर पांच लाख से अधिक दीपों से संगम और आसपास के घाट जगमगा उठे। बांदा के ऐतिहासिक कालिंजर दुर्ग में पांच दिवसीय मेले का शुभारंभ हुआ और आगरा के गुरुद्वारा गुरु का ताल में श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया गया।
वाराणसी में कार्तिक पूर्णिमा पर सुबह से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के जयघोष के बीच देश के विभिन्न हिस्सों से आए लोगों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ, बाबा काल भैरव और मां अन्नपूर्णा के मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए घाटों पर पुलिस, जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें तैनात रहीं। प्रशासन ने यातायात और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए।

संगम नगरी प्रयागराज में देव दीपावली का भव्य आयोजन हुआ। गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन तट दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। जिला प्रशासन और प्रयागराज मेला प्राधिकरण की ओर से संगम तट पर ढाई लाख दीप जलाए गए। इसके अलावा शहर के 11 अन्य घाटों पर भी दीपोत्सव आयोजित हुआ। अरैल घाट स्थित परमार्थ त्रिवेणी पुष्प में 51 हजार और बलुआघाट पर एक लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। लेटे हनुमान मंदिर के सामने जगदीश रैंप पर 21 हजार दीप जलाए गए। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार सात हजार गोबर के डिजाइनर दीप भी आकर्षण का केंद्र रहे। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और जल पुलिस की मदद से निगरानी की गई।

बांदा के ऐतिहासिक कालिंजर दुर्ग में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पांच दिवसीय मेले की शुरुआत हुई। चंदेलकालीन स्थापत्य और ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध इस दुर्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान नीलकंठेश्वर, माता पार्वती और भगवान कार्तिकेय की पूजा-अर्चना की। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की ओर से 24 और 25 नवंबर को दुर्ग में प्रवेश निशुल्क रखा गया। मेले के दौरान 26 नवंबर को दंगल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।
आगरा के सिकंदरा स्थित गुरुद्वारा गुरु का ताल में श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पंजाब, उत्तराखंड सहित देश-विदेश से करीब दो लाख श्रद्धालु पहुंचे और मत्था टेका। सुबह चार बजे से शबद कीर्तन, कथा और अरदास का कार्यक्रम शुरू हुआ। श्रद्धालुओं ने अटूट लंगर छका। रात में रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने आयोजन की भव्यता बढ़ाई। वहीं, योगी सरकार की मुख्यमंत्री पर्यटन स्थल विकास योजना के तहत गुरुद्वारे में 5.8 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए 2.9 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी हो चुकी है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें