राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवती की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती का शव सोमवार सुबह जंगल में मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान शिवानी सिंह के रूप में हुई है, जिसकी चार दिन पहले ही सगाई हुई थी। युवती रविवार सुबह घर से ऑफिस जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। सोमवार सुबह उसका शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब आठ बजे सुशांत गोल्फ सिटी इलाके के जंगल में राहगीरों ने एक युवती का शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्यूरी भेज दिया। शव मिलने की खबर से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इसी दौरान सोमवार दोपहर शिवानी के परिजन गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें बरामद शव की तस्वीर दिखाई, जिसे देखते ही मां गीता सिंह ने अपनी बेटी शिवानी के रूप में पहचान की। बेटी की तस्वीर देखकर परिवार के लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
परिजनों के मुताबिक, शिवानी सिंह अपने माता-पिता और 19 वर्षीय छोटी बहन के साथ एल्डिको उद्यान के रक्षा खंड स्थित किराए के मकान में रहती थी। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। मां गीता सिंह घरों में झाड़ू-पोछा का काम करती हैं, जबकि पिता दीपू शटरिंग का कार्य करते हैं। परिवार ने हाल ही में शिवानी की शादी तय की थी और 14 मई को उसकी सगाई प्रकाश नामक युवक से हुई थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं।
मृतका की मां गीता सिंह ने बताया कि शिवानी एक रियल एस्टेट कंपनी के कार्यालय में काम करती थी। रविवार सुबह वह रोज की तरह ऑफिस जाने की बात कहकर घर से निकली थी। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिजन पुलिस के पास पहुंचे, जहां उन्हें शव मिलने की सूचना दी गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कहीं और करने के बाद शव को जंगल में फेंका गया है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है।
डीसीपी दक्षिणी ने बताया कि शव की पहचान होने के बाद मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस युवती की कॉल डिटेल, अंतिम लोकेशन, घर और कार्यालय के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस टीम जल्द ही मामले के खुलासे का दावा कर रही है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें