>राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित ओमेक्स वाटर एस्केप अपार्टमेंट में रविवार रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। मर्चेंट नेवी में सेकेंड ऑफिसर पद पर कार्यरत अनुराग सिंह की पत्नी मधु सिंह ने फांसी लगाकर जान दे दी ऐसा दावा किया जा रहा है। लेकिन इस मौत को लेकर अब कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि मृतका के पिता ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या करार दिया है। पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार रात करीब आठ बजे की है। अनुराग सिंह ने अपने नौकर की मदद से पत्नी का शव फंदे से नीचे उतारा। हालांकि, इस गंभीर घटना की सूचना सोमवार दोपहर तक किसी को नहीं दी गई, जिससे संदेह और गहरा हो गया है।
>मधु सिंह के पिता फतेह बहादुर सिंह ने अपने बयान में साफ कहा कि उनकी बेटी को मारा गया है और उसे फंदे से लटका कर आत्महत्या का रूप दिया गया। उनका आरोप है कि बेटी ने रविवार रात करीब 8 बजे अपनी बड़ी बहन प्रिया को फोन कर मारपीट की जानकारी दी थी। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। सोमवार दोपहर तक कोई संपर्क नहीं हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि मृतका गर्भवती थी, लेकिन पति द्वारा प्रताड़ित किए जाने के कारण जबरन अबॉर्शन करवा दिया गया। अनुराग पर अन्य महिलाओं से संबंध रखने और दहेज की लगातार मांग करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
>मधु और अनुराग की शादी इसी साल 25 फरवरी 2025 को हुई थी। कुछ समय बाद से ही अनुराग उस पर दहेज के लिए दबाव बनाने लगा। जब मधु ने विरोध किया, तो मारपीट की घटनाएं शुरू हो गईं। परेशान होकर मधु कुछ समय के लिए मायके भी लौट आई थी। आरोप है कि होली के दिन उसे वापस ससुराल ले जाया गया, लेकिन वहां फिर से प्रताड़ना शुरू हो गई। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजन द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों की वजह से अनुराग सिंह से कड़ी पूछताछ की जा रही है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें