राजधानी लखनऊ स्थित बीबीडी यूनिवर्सिटी में बुधवार देर रात एक छात्र और हॉस्टल प्रबंधन के बीच हुआ विवाद बड़े बवाल में बदल गया। आरोप है कि मेस में नियमों को लेकर हुई बहस के दौरान हॉस्टल वार्डन ने फर्स्ट ईयर के एक छात्र पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में छात्र हॉस्टल से बाहर निकलकर प्रदर्शन करने लगे। हालात इतने बिगड़ गए कि छात्रों ने यूनिवर्सिटी कैंपस में तोड़फोड़ की और हाईवे जाम कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात फर्स्ट ईयर का एक छात्र मेस से खाना पैक करवाकर अपने कमरे में ले जा रहा था। इसी दौरान मेस कर्मचारियों और हॉस्टल मैनेजमेंट ने उसे नियमों का हवाला देते हुए खाना कमरे में ले जाने से मना कर दिया। इस बात को लेकर छात्र और हॉस्टल प्रबंधन के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि हॉस्टल वार्डन ने छात्र के साथ मारपीट कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्र को गंभीर चोट लगने के बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। छात्र के घायल होने की खबर फैलते ही हॉस्टल में रह रहे अन्य छात्र भड़क उठे। बड़ी संख्या में छात्र हॉस्टल से बाहर निकल आए और यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। आक्रोशित छात्रों ने कैंपस में लगे होर्डिंग्स और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया।
हाईवे को जाम किये छात्र
हाईवे से छात्रों को उठाने की कोशिश करती पुलिस
छात्रों को समझने का प्रयास करती हुई पुलिस
इसके बाद प्रदर्शनकारी छात्रों ने यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट का लॉक तोड़ दिया और कैंपस के बाहर हाईवे पर पहुंचकर सड़क जाम कर दी। देर रात तक हाईवे पर छात्रों का प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान “बीडीबी हाय-हाय” के नारों से पूरा इलाका गूंजता रहा। सड़क जाम होने से यातायात भी प्रभावित हुआ और आसपास लंबा जाम लग गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ पूर्वी जोन के एडीसीपी, एसीपी समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक चले समझाने-बुझाने और पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद छात्रों को हाईवे से हटाकर वापस हॉस्टल भेजा गया। इसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें