>राजधानी लखनऊ के मिर्जागंज गांव में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मोहर्रम से ठीक एक दिन पहले हकीम सलाहुद्दीन उर्फ लाला के घर से भारी मात्रा में अवैध असलहा, हजारों कारतूस, बारूद और शस्त्र निर्माण के उपकरण बरामद हुए हैं। चौकाने वाली बात ये है कि यह घर थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित है।
>गुरुवार देर रात मलिहाबाद, रहीमाबाद और माल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना पर छापेमारी की, जहां बीस बोरियों में करीब 50,000 कारतूस और 300 से अधिक बने-अधबने हथियार, जिनमें 315 और 312 बोर की राइफल, माउजर और पिस्टल शामिल हैं, जब्त किए गए। इसके अलावा बारूद, असलहा बनाने की मशीनरी, बारासिंघा की खाल और कई प्रतिबंधित वस्तुएं भी मिली हैं।
थाने के बगल में चल रहा था अवैध हथियारों का गोरखधंधा
>यह सनसनीखेज खुलासा तब हुआ जब पुलिस को सूचना मिली कि सलाहुद्दीन अपने घर से अवैध रूप से हथियारों की सप्लाई कर रहा है। पुलिस की टीम जब उसके घर पहुंची तो वहां पत्नी, बेटी और ओवैश नामक युवक भी मौजूद थे। घर की तलाशी के दौरान जो दृश्य सामने आया, वह किसी अवैध शस्त्र फैक्ट्री से कम नहीं था।
STF भी जांच में जुटी, आरोपी से गहन पूछताछ जारी
>ADCP जितेंद्र दुबे ने बताया कि सलाहुद्दीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। STF (विशेष कार्यबल) की टीम को भी जांच में लगाया गया है। साथ ही उसके नेटवर्क और अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है।
>पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि सलाहुद्दीन वर्षों से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में अवैध हथियारों की आपूर्ति कर रहा था, और उसका घर ‘हथियार निर्माण केंद्र’ के रूप में उपयोग हो रहा था।
हकीम की आड़ में अपराध, परिवार की पृष्ठभूमि भी चौंकाने वाली
>पुलिस सूत्रों के अनुसार, सलाहुद्दीन पहले मलिहाबाद डाकघर के सामने हकीम की क्लिनिक चलाता था। उसकी पत्नी पूर्व में एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका थी। एक बेटी नॉर्वे में पढ़ाई कर रही है जबकि दूसरी इंटीग्रल यूनिवर्सिटी से बीटेक कर रही है।
>सूत्रों का दावा है कि उसके पास विदेशी हथियार भी मिले हैं, जिन्हें उसने निजी शौक के लिए खरीदा था। इतने वर्षों तक पुलिस को शक न होना यह दर्शाता है कि सलाहुद्दीन ने अपने काम को बेहद गुप्त और योजनाबद्ध ढंग से अंजाम दिया।
इतना बड़ा असलहा जखीरा, थाने से कुछ ही कदमों की दूरी पर, और पुलिस को भनक तक नहीं लगी — यह पुलिस प्रशासन की गंभीर लापरवाही को उजागर करता है। अब जब मामला खुला है, तो क्षेत्र में भारी फोर्स तैनात कर दी गई है और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें