UP News: प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के विकास को लेकर पूर्ववर्ती सरकारों पर करारा हमला बोला है। सीएम योगी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किये गये पोस्ट अयोध्या की पुरानी और वर्तमान स्थिति का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने पोस्ट में लिखा कि साल 2017 से पहले प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या उपेक्षा, अव्यवस्था और तुष्टीकरण का दंश झेलने को मजबूर थी। लेकिन आज की अयोध्या सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए विकास की नई पहचान बना रही है।
सीएम योगी ने पोस्ट में अयोध्या को सभ्यता की जन्मभूमि, संस्कृति की प्राणधारा और आस्था की शाश्वत ज्योति बताया। सीएम ने कहा कि पहले श्रद्धालुओं को अयोध्या की यात्रा के दौरान कई तरह की दिक्कतों को सामना करना पड़ता था। शहर की व्यवस्थाएं जर्जर थीं और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और विकास के अवसर सीमित थे। सीएम योगी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या की प्राचीन गरिमा को आधुनिक विकास से जोड़ा गया है।

भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, धर्मपथ, रामपथ, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और आधुनिक रेलवे स्टेशन जैसे प्रोजेक्ट रामनगरी की पहचान को नई ऊंचाई दे रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में बढ़ते पर्यटन का सीधा लाभ स्थानीय परिवारों और व्यापारियों को मिल रहा है। धार्मिक पर्यटन के विस्तार होने से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। साथ ही लोगों के जीवन में समृद्धि की संभावनाएं बढ़ रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी विकास की प्रतीक्षा करने वाली धर्मनगरी अयोध्या आज अपनी विरासत और आधुनिक सुविधाओं के साथ प्रगति का नया अध्याय लिख रही है। अयोध्या को सनातन आस्था, सांस्कृतिक चेतना और समृद्धि का प्रतीक बताते हुए सीएम योगी ने कहा कि रामनगरी ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें