Lucknow News: यूपी एसटीएफ ने वन्यजीवों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजधानी लखनऊ से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ को पकड़े गये आरोपी के कब्जे से सात दुर्लभ बाज (फाल्कन) बरामद हुए हैं। बताया जा रहा है कि बरामद किये गये दुर्लभ बाज की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 14 करोड़ रुपये है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुंबई निवासी फिरोज मसर्रत खान के रूप में हुई है।
30 अक्टूबर को एसटीएफ को जानकारी मिली थी कि मुंबई में रहने वाले एक व्यक्ति प्रतिबंधित पक्षियों की खेप लेकर राजधानी लखनऊ पहुंच रहा है। जानकारी मिलने के बाद एसटीएफ की टीम सक्रिय हो गयी और वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो के साथ संयुक्त कार्रवाई शुरू की। टीम ने मदेयगंज थाना क्षेत्र के इरादतनगर मोहल्ले में एक मकान पर छापा मारा। टीम ने छापेमारी के दौरान आरोपी फिरोज मसर्रत खान को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे में टीम को सात दुर्लभ बाज, एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद हुआ। शुरुआती जांच में आरोपी के अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव तस्करी गिरोह से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसका गिरोह प्रतिबंधित पक्षियों और अन्य वन्यजीवों की तस्करी करता है। गिरोह के सदस्य गोरखपुर, लखीमपुर खीरी और सीतापुर के जंगलों से पक्षियों को पकड़कर लाते थे।
इसके बाद मुंबई के रास्ते वन्यजीवों और प्रतिबंधित पक्षियों की सप्लाई दुबई, सऊदी अरब और बहरीन जैसे देशों में की जाती है। मदेयगंज थाने में आरोपी फिरोज मसर्रत खान के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 के तहत एफआईआर दर्ज किया गया है। बरामद पक्षियों को सुरक्षित रखने और आगे की कानूनी कार्रवाई की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस को सौंपी गई है। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें