बुलंदशहर में टॉफी के शक में पिता ने 12 साल की बेटी को पीट-पीटकर मार डाला

डंडे से की बेरहमी से पिटाई, मां की तहरीर पर आरोपी गिरफ्तार; गांव में पसरा सन्नाटा
Bureau 30 Mar 2026, 05:37 PM 1 min read
बुलंदशहर में टॉफी के शक में पिता ने 12 साल की बेटी को पीट-पीटकर मार डाला

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने टॉफी चोरी के आरोप में अपनी 12 वर्षीय बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है।

 

जानकारी के अनुसार मामला थाना नरौरा क्षेत्र के रतनपुर गांव का है। 27 मार्च को बच्ची ने गांव की एक दुकान से टॉफी का डिब्बा उठा लिया था। दुकानदार ने इसकी शिकायत बच्ची के पिता पुष्पेंद्र से की। आरोप है कि इस बात से नाराज पिता ने गुस्से में आकर बेटी की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी।

 

पिटाई इतनी गंभीर थी कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी पिता ने घर में ताला लगाकर फरार होने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि वह पत्नी को भी घर में बंद कर चला गया था।

 

मृतक बच्ची की मां ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर अपने पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया है।

 

एसपी रूरल डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला पिता द्वारा बच्ची की हत्या का प्रतीत होता है और अन्य किसी की संलिप्तता सामने नहीं आई है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें