‘दीदी हैं, दीदी रहेंगी’: अखिलेश यादव का BJP पर हमला

पुलिस-बीडीओ तबादलों पर उठाए सवाल, सोशल मीडिया पोस्ट में BJP की हार का दावा
Bureau 30 Mar 2026, 07:10 PM 1 min read
‘दीदी हैं, दीदी रहेंगी’: अखिलेश यादव का BJP पर हमला

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की सरगर्मी अब उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी दिखने लगी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए बंगाल में उसकी हार का दावा किया है और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के समर्थन में बयान दिया है।

 

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में BJP की स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। उन्होंने एक समाचार पत्र की कटिंग साझा की, जिसमें राज्य में 173 पुलिस अधिकारियों और 83 बीडीओ के तबादले का उल्लेख था।

 

पोस्ट में उन्होंने लिखा कि “सीधी बात: भाजपा बंगाल में बुरी तरह हार रही है।” इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े पैमाने पर अधिकारियों के तबादले चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास हो सकते हैं।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है और यह पहली बार देखा जा रहा है कि पार्टी सम्मानजनक हार के लिए तैयारी कर रही है। अखिलेश यादव ने तबादलों को लेकर भी सवाल उठाए और इसे चुनावी प्रक्रिया से जोड़कर टिप्पणी की।

 

उन्होंने आगे लिखा की, जिस तरह से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले हो रहे हैं, उससे साफ है कि बंगाल में भाजपा को सफलता नहीं मिलेगी। दीदी हैं, दीदी रहेंगी।

 

यह बयान ऐसे समय में आया है जब चुनाव आयोग द्वारा पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किए गए हैं। इसको लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

 

अखिलेश यादव पहले भी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष शासित राज्यों में ही अधिकारियों के तबादले अधिक किए जाते हैं।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें