>अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) ने एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के कला संकाय के अंग्रेजी विभाग की प्रख्यात शिक्षिका प्रोफेसर विभा शर्मा को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 के लिए चुना गया है। यह सम्मान उन्हें आगामी 5 सितंबर (शिक्षक दिवस) को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों प्राप्त होगा।
>प्रो. विभा शर्मा देशभर से चयनित 21 शिक्षकों में शामिल हैं जिन्हें यह सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया जाएगा। इस पुरस्कार में प्रशस्ति पत्र, रजत पदक और 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार शामिल है।
>शिक्षा मंत्रालय द्वारा दिए जाने वाला यह पुरस्कार उच्च शिक्षा और पॉलिटेक्निक संस्थानों के शिक्षकों को उनकी नवोन्मेषी शिक्षण विधियों, शोध कार्यों और शैक्षणिक योगदान के लिए दिया जाता है। प्रो. शर्मा न केवल एक कुशल शिक्षिका हैं बल्कि जनसंपर्क प्रभारी सदस्य के रूप में एएमयू की सार्वजनिक छवि को भी सशक्त कर चुकी हैं।
>एएमयू की कुलपति प्रो. नइमा खातून ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल प्रो. शर्मा की विद्वता का प्रमाण है, बल्कि एएमयू के उस संकल्प को भी दर्शाता है जो शिक्षा में उत्कृष्टता को बढ़ावा देता है। सह कुलपति प्रो. एम. मोहसिन खान ने इसे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक संस्कृति की मजबूती का प्रतीक बताया। वहीं, एएमयू रजिस्ट्रार मोहम्मद इमरान ने कहा कि यह सम्मान शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को और सशक्त करेगा।
>कला संकाय के डीन प्रो. टीएन सतीशन ने प्रो. शर्मा की शोध उपलब्धियों और उनकी अभिनव शिक्षण शैली की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्य संकाय के साथ-साथ विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पहचान को भी मजबूत करता है। जनसंपर्क अधिकारी उमर पीरजादा ने कहा कि मीडिया से संबंधित उनकी दक्षता ने एएमयू की छवि को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। संभवतः, यह पहली बार है जब विश्वविद्यालय की किसी शिक्षिका को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हो रहा है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें