अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बुलडोजर कार्रवाई और महंगाई को लेकर सरकार को घेरा

लखनऊ में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, किसानों, युवाओं और बिजली संकट को लेकर उठाए सवाल।
Bureau 21 May 2026, 09:19 PM 1 min read
अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बुलडोजर कार्रवाई और महंगाई को लेकर सरकार को घेरा

 

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर सत्ता के दुरुपयोग, बुलडोजर कार्रवाई, महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सस्ती लोकप्रियता के लिए सत्ता का दुरुपयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और निर्दोष लोगों के साथ अन्याय को भाजपा अपनी उपलब्धि मानती है।

 

समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकारों का आचरण संवेदनशील और मानवीय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य की ताकत का गलत इस्तेमाल लोककल्याणकारी राज्य की अवधारणा के विपरीत है। किसी भी व्यक्ति को बेघर करने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार की नैतिक और कानूनी जिम्मेदारी होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार झूठे मुकदमों और फर्जी मुठभेड़ों की आड़ में शक्ति का दुरुपयोग कर रही है।

 

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुके हैं। डीजल, पेट्रोल और गैस सिलेंडर समेत आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई नियंत्रित करने में विफल रही है और पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी मुनाफाखोरी के खिलाफ है और महंगाई रोकने के लिए “दाम बांधो नीति” को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

सपा प्रमुख ने आरक्षण और पीडीए के मुद्दे को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार आरक्षण को कमजोर कर रही है और गरीबों तथा पिछड़े वर्गों को अपमानित किया जा रहा है। किसानों और युवाओं की समस्याओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में खाद, बीज और पानी की कमी बनी हुई है, जबकि नौजवान रोजगार के लिए परेशान हैं। उन्होंने बिजली संकट को लेकर भी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि प्रदेश में बिजली व्यवस्था बदहाल है और जनता सड़कों पर उतरने को मजबूर है। उनका आरोप था कि भाजपा सरकार अपने कार्यकाल में बिजली उत्पादन बढ़ाने में असफल रही है, जबकि बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी की गई।

 

अखिलेश यादव ने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार तय है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहने और जमीन पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर दवाई और पढ़ाई सस्ती की जाएगी, किसानों को फसलों का उचित मूल्य मिलेगा तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

अलीगंज अग्निकांड के बाद केजीएमयू पहुंचे अखिलेश यादव, पीड़ित परिवारों के लिए एक करोड़ रुपये की मदद की मांग
15 मौतों के बाद खुलीं पुरानी फाइलें, रिपोर्ट में सामने आए 1043 भवनों से जुड़े तथ्य
मोमबत्तियों की रोशनी में नम हुई आंखें, छात्रों की याद में निकला कैंडल मार्च
रात 3:30 बजे चीखों से टूटी लोगों की नींद, छत पर पहुंचते ही सामने था खून से लथपथ मां का चेहरा
'दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे'... बलिदान दिवस पर CM योगी ने याद किया डॉ. मुखर्जी का संदेश
अब बीएसबी स्कूलों के छात्रों के रिकॉर्ड भी राष्ट्रीय व्यवस्था से जुड़ेंगे, यूपी सरकार ने तेज की बड़ी प्रक्रिया
जिस इमारत में गईं 15 जानें, अब उसी पर बुलडोजर की तैयारी? 2016 का आदेश फिर चर्चा में
लखनऊ अग्निकांड के बाद सवालों की बौछार, संसद से बुलडोजर कार्रवाई तक तेज हुई सियासत
2016 में गिराने का आदेश हुआ था, फिर 15 लोगों की जान लेने वाली इमारत कैसे बची रही?