>उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक ऐसा शर्मनाक मामला सामने आया है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। 5 से 10 साल की मासूम बच्चियों को अपहरण कर दरिंदगी का शिकार बनाने वाला एक साइको रेपिस्ट अविनाश पांडे आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। बीते एक महीने से सुजौली थाना क्षेत्र में बच्चियों के रहस्यमयी ढंग से लापता होने की घटनाओं ने लोगों को दहशत में डाल रखा था। अब पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी सलाखों के पीछे है।
>पुलिस की पड़ताल में यह सामने आया कि आरोपी बच्चों को रात के अंधेरे में उनके घरों से चुपचाप उठा ले जाता और सुनसान जगह पर नशे की हालत में दुष्कर्म करता था। आरोपी ने कबूल किया है कि वह अब तक चार मासूम बच्चियों को अपना शिकार बना चुका है। उसके पास से बरामद मोबाइल फोन में आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो भी मिले हैं, जो उसकी हैवानियत को साबित करते हैं।
>मासूमों को चुनता था क्योंकि 'वो कुछ नहीं बताएंगी'
>एसपी आरएन सिंह के मुताबिक, आरोपी खासतौर पर 5 से 10 साल की बच्चियों को ही अपना निशाना बनाता था। पूछताछ में उसने बताया कि उसे लगता था इतनी छोटी बच्चियां किसी से कुछ नहीं कह पाएंगी, इसलिए पकड़े जाने का डर नहीं था। लेकिन जब बीते दिनों एक और बच्ची इसी तरह लापता हुई और कुछ घंटों बाद मिली, तो परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने सक्रियता दिखाई।
>एसओजी और स्थानीय पुलिस ने मिलकर किया खुलासा
>पुलिस ने विशेष ऑपरेशन चलाते हुए बच्चियों द्वारा दिए गए हुलिये के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। एसओजी और सुजौली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जब उसे पकड़कर पूछताछ की तो सारा मामला खुल गया। आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं मानी जा रही है और पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
>आगे क्या?
>फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है और उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और मानसिक स्थिति की गहराई से जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कहीं इस अपराध में कोई और शामिल तो नहीं।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें