UP News: शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम संदेश जारी कर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा की महिषासुर पर विजय का जिक्र करते हुए कहा कि नवरात्रि का पर्व धर्म, शक्ति की उपासना और साहस का प्रतीक है। नवरात्रि का पावर पर्व लोगों को अहंकार और नकारात्मक प्रवृत्तियों पर विजय हासिल करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी ‘योगी की पाती’ में लिखा कि देवताओं की सामूहिक ऊर्जा से आदिशक्ति मां भगवती का प्राकट्य हुआ था। लंका विजय से पहले भी मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम ने मां दुर्गा की विधिवत आराधना की थी। मान्यता के मुतातबिक भगवान श्रीराम ने 108 नीलकमलों में एक कमल कम पड़ने पर स्वयं के नयन अर्पित करने का संकल्प लिया। उनकी इस निस्छल भक्ति से प्रसन्न होकर मां दुर्गा ने उन्हें विजय का वरदान दिया था।
मुख्यमंत्री ने अपने पाती में आगे लिखा कि मां भगवती के नौ स्वरूप विनम्रता, साहस और संकल्प जैसे गुणों की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री ने आगे लिखा कि यूपी आस्था, संस्कृति और परंपरा के पुनर्जागरण का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। मां विंध्यवासिनी, मां पाटेश्वरी और मां शाकुम्भरी जैसे शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ रही भागीदारी सांस्कृतिक विरासत के प्रति मजबूत आस्था को दर्शाती है।
उन्होंने लिखा कि आदिशक्ति की आराधना तभी पूरी तरह से सार्थक होगी, जब राज्य की महिलाएं सुरक्षित, सम्मानित और आत्मनिर्भर बनेंगी। मुख्यमंत्री ने लिखा कि साल 2020 में शुरू किए गए मिशन शक्ति अभियान का मकसद महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण को जनभागीदारी से जोड़ना है। यूपी पुलिस में 44,000 से ज्यादा महिला पुलिसकर्मी कार्य कर रही हैं। पुलिस भर्ती में महिलाओं के लिए 20 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने अपनी पाती में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को मिल रहे प्रोत्साहन का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 10 लाख से ज्यादा स्वयं सहायता समूहों से एक करोड़ से अधिक महिलाएं जुड़ी हुई हैं। उन्होंने अपनी पाती में नागरिकों से अपील करते हुए लिखा कि वह बेटियों की शिक्षा में सहयोग करें, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में सहयोग करें। इसके साथ ही उनकी सुरक्षा के लिए आवाज भी उठाएं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें