राष्ट्रपति भवन के ‘परपल फेस्ट’ में एमसीडी के दिव्यांग छात्रों का जलवा

राष्ट्रपति भवन के अमृत उद्यान में आयोजित परपल फेस्ट में एमसीडी स्कूलों के दिव्यांग छात्रों ने नृत्य और फैंसी ड्रेस के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
Bureau 14 Mar 2026, 07:11 PM 1 min read
राष्ट्रपति भवन के ‘परपल फेस्ट’ में एमसीडी के दिव्यांग छात्रों का जलवा

दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्रों ने राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान में आयोजित ‘परपल फेस्ट’ में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पहली बार एमसीडी स्कूलों के छात्रों को इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिला, जहां उन्होंने नृत्य और फैंसी ड्रेस के माध्यम से अपनी रचनात्मकता और आत्मविश्वास की झलक पेश की।

 

अमृत उद्यान में आयोजित इस कार्यक्रम में एमसीडी स्कूलों के 11 दिव्यांग छात्रों ने हिस्सा लिया। इनमें दो छात्रों ने नृत्य प्रस्तुति दी, जबकि नौ छात्रों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्रों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और उनकी सराहना की गई।

 

कार्यक्रम में भाग लेने के साथ छात्रों को राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान का भ्रमण करने का अवसर भी मिला। इस दौरान उन्होंने देश के प्रतिष्ठित स्थल को करीब से देखा, जो उनके लिए प्रेरणादायक अनुभव रहा।

 

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट और निगम विद्यालय के प्रधानाचार्य विकास डागर भी उपस्थित रहे। उनके साथ शिक्षा विभाग के अधिकारी और शिक्षकगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए और छात्रों का उत्साहवर्धन किया।

 

परपल फेस्ट का आयोजन हर वर्ष राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान में किया जाता है, जिसमें देशभर से आए दिव्यांगजन और छात्र अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। इस वर्ष पहली बार एमसीडी स्कूलों के 11 दिव्यांग छात्रों को इसमें भाग लेने का अवसर मिला। दिल्ली नगर निगम के अनुसार विद्यालयों में समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने और दिव्यांग छात्रों को समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयास जारी हैं।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें