पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद थाना क्षेत्र में रहने वाली एक किशोरी की शिकायत पर सीलमपुर निवासी एक यूट्यूबर को नाबालिग से दुष्कर्म, बाल यौन अपराध संरक्षण (पाक्सो) अधिनियम तथा अन्य धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपित ने पहले उसके साथ दुष्कर्म किया, बाद में उससे निकाह किया और इसके बाद उसे देह व्यापार में धकेलने का प्रयास किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पीड़िता के अनुसार वह यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर आरोपित के हास्य वीडियो देखती थी। वीडियो पसंद आने पर उसने इंस्टाग्राम के माध्यम से उससे संपर्क किया। शिकायत के अनुसार अप्रैल 2025 में दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बाद में दोस्ती हो गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोस्ती के कुछ समय बाद आरोपित उसे दिल्ली गेट घुमाने ले गया। वहां कार में कोल्ड ड्रिंक में कथित रूप से नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद जब उसने अपने परिवार और पुलिस को जानकारी देने की बात कही तो आरोपित ने उससे निकाह करने की बात कही।
शिकायत के अनुसार कथित घटना के समय पीड़िता की उम्र 15 वर्ष थी। आरोप है कि बाद में उसके 16 वर्ष की आयु पूरी होने पर दोनों का निकाह कराया गया, जिसमें दोनों परिवारों के लोग भी शामिल हुए।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि विवाह के बाद भी उसका उत्पीड़न जारी रहा और पिछले कुछ महीनों से आरोपित उस पर देह व्यापार करने का दबाव बना रहा था।
पीड़िता बाद में सीलमपुर पहुंची और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद पांच अगस्त को पुलिस ने दुष्कर्म, बाल यौन अपराध संरक्षण (पाक्सो) अधिनियम, मारपीट तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की। मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उत्तर-पूर्वी जिला के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें