कांवड़ यात्रा को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राजधानी में कांवड़ियों के स्वागत के लिए 20 विशेष स्वागत गेट बनाए जा रहे हैं। इन सभी गेटों का नाम अलग-अलग देवी-देवताओं के नाम पर रखा जाएगा। पर्यटन विभाग इन स्वागत द्वारों के निर्माण में जुटा हुआ है।
प्रशासन के अनुसार यात्रा के अंतिम चरण में कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा भी की जाएगी। इस बीच बाहरी राज्यों से श्रद्धालुओं का दिल्ली पहुंचना शुरू हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती कर दी गई है।
पर्यटन विभाग राजधानी के विभिन्न कांवड़ मार्गों पर 20 स्वागत गेट तैयार कर रहा है। इन गेटों का उद्देश्य दिल्ली में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करना है। प्रशासन के अनुसार प्रत्येक गेट का नाम किसी न किसी भगवान के नाम पर रखा जाएगा। यात्रा के अंतिम दिनों में श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पुष्प वर्षा की भी योजना बनाई गई है।
उत्तर-पूर्वी जिले के जिलाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार है। कांवड़ शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था कराई गई है।
उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के लिए एक वॉट्सऐप समूह भी बनाया गया है, जिससे आवश्यक सूचनाओं का आदान-प्रदान तेजी से किया जा सके। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान विभिन्न कांवड़ मार्गों और शिविरों में तैनात किए गए हैं।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शिविरों और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है। इसके अलावा कांवड़ मार्गों पर ड्रोन से भी निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी स्थिति पर तुरंत नजर रखी जा सके।
प्रशासन ने कांवड़ समितियों को निर्देश दिए हैं कि शिविर में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु का विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाए। इससे आवश्यकता पड़ने पर संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जा सकेगी।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए कुछ मार्गों पर यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। जाफराबाद रोड पर वेलकम डीडीए फ्लैट्स की ओर जाने वाली सड़क को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया है क्योंकि यह मार्ग कांवड़ यात्रा के लिए निर्धारित किया गया है।
वहीं शाहदरा जीटी रोड पर कांवड़ शिविर लगने के कारण वाहनों की आवाजाही धीमी गति से हो रही है। पुलिस यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रही है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें