दिल्ली में नकली ऑटो पार्ट्स का बड़ा रैकेट बेनकाब, 10 लाख का माल जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच की ताबड़तोड़ छापेमारी, प्रिंटिंग यूनिट से नकली ब्रांड स्टिकर और पैकिंग सामग्री बरामद।
Bureau 10 Apr 2026, 08:55 PM 1 min read
दिल्ली में नकली ऑटो पार्ट्स का बड़ा रैकेट बेनकाब, 10 लाख का माल जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार

राजधानी दिल्ली में दोपहिया वाहनों के नकली ऑटो पार्ट्स और इंजन ऑयल के बड़े सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपये के फर्जी स्पेयर पार्ट्स और पैकिंग सामग्री बरामद की है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो नामी कंपनियों के ब्रांड के नाम पर नकली सामान तैयार कर बाजार में सप्लाई कर रहे थे।

 

क्राइम ब्रांच को इनपुट मिला था कि दिल्ली के कई बाजारों में मशहूर ऑटोमोबाइल कंपनियों, विशेष रूप से TVS और ASK के नाम पर नकली ऑटो पार्ट्स और इंजन ऑयल तैयार कर बेचे जा रहे हैं। इसके बाद इंस्पेक्टर अजय गहलावत के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने इंदरलोक, झंडेवालान और मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में एक साथ छापेमारी कर इस नेटवर्क का खुलासा किया।

 

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक प्रिंटिंग यूनिट का भी भंडाफोड़ किया, जहां बड़े पैमाने पर नकली ब्रांड्स के स्टिकर और पैकेजिंग सामग्री तैयार की जा रही थी। मौके से भारी मात्रा में अवैध सामग्री जब्त की गई।

बरामद सामान में शामिल हैं:

 

  • लगभग 1040 जोड़ी नकली ब्रेक शूज़
  • 14,000 से अधिक फर्जी एमआरपी स्टिकर
  • 67,000 से ज्यादा नकली TVS पैकिंग कवर
  • 400 नकली पैकिंग बॉक्स
  • 50 बंडल खाली पैकिंग सामग्री और 10 प्रिंटेड रोल

 

पुलिस ने इस मामले में रियाजुद्दीन, अनिल कुमार और अर्जुन कुमार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया है कि अर्जुन कुमार नकली स्टिकर छापने का काम करता था, जबकि रियाजुद्दीन और अनिल कुमार इन सामानों को असली बताकर बाजार में सप्लाई करते थे।  पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ पहले भी इस तरह के मामलों में शामिल रह चुके हैं। क्राइम ब्रांच अब इस पूरे सिंडिकेट की गहन जांच कर रही है, ताकि इससे जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें